सतना

गोवा के मैरियेट होटल में एमपी के युवक की बेरहमी से हत्या..

mp news: होटल के कैसीनो कार्निवल में सिक्योरिटी गार्ड था युवक, गोवा पुलिस ने आरोपी को भागने से पहले किया गिरफ्तार...।
2 min read
• •
Updated: 30 May 2025, 8:45 PM IST
dheeru sharma
मृतक धीरू शर्मा । (सोर्स- पत्रिका)

mp news: मध्यप्रदेश के सतना जिले के सोहावल के रहने वाले 33 साल के धीरू शर्मा की गोवा के मैरियट होटल में हत्या कर दी गई। धीरू होटल के कैसीनो कार्निवल में सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता था और वहीं पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। गोवा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जो कि हैदराबाद का रहने वाला है और उसका नाम अब्दुल अल्ताफ है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी एयरपोर्ट की ओर भाग रहा था।

होटल मैरियट के कैसीनो में मर्डर

घटना मंगलवार देर रात 3:10 बजे की बताई जा रही है। हैदराबाद निवासी अब्दुल अल्ताफ (25) नशे में धुत होकर होटल मैरियट स्थित कैसीनो की सीढ़ियों पर हंगामा कर रहा था। धीरू अपने साथी सुरक्षा गार्ड सत्यम गांवकर के साथ उसे समझाने नीचे उतर रहे थे। उसी दौरान नशे में धुत अब्दुल ने सीढ़ियों से ही लोहे के क्लैंप लगे लकड़ी के पट्टे से धीरू के सिर पर हमला कर दिया जिससे धीरू का सिर फट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद अब्दुल ने सत्यम पर भी हमला किया और फिर वहां से फरार हो गया।

भागने से पहले आरोपी गिरफ्तार

गंभीर रूप से घायल धीरू और सत्यम को तुरंत गोवा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने धीरू को मृत घोषित कर दिया। सत्यम का इलाज फिलहाल जारी है। गोवा पुलिस ने आरोपी अब्दुल अल्ताफ को गोवा से भागने की फिराक में डाबोलिम हवाई अड्डे की ओर जाते हुए रास्ते से पकड़ लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। इधर जैसे ही धीरू की हत्या की खबर उसके घर पहुंची तो उसकी पत्नी व बच्चों का रो-रोककर बुरा हाल है।

Updated on:
30 May 2025, 8:45 PM IST
Published on: