
MP NEWS: मध्यप्रदेश के सतना के नजीराबाद के रहने वाले फैजान खान को यूपी की बांदा पुलिस ने एक मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। फैजान गौ तस्कर है और उस पर एमपी के साथ ही यूपी के थानों में भी मामले दर्ज हैं। गौ तस्कर फैजान पर 25 हजार रूपए का ईनाम भी है। मुठभेड़ में फैजान के पैर में गोली लगी है और यूपी की बांदा पुलिस ने उसके पास से एक कट्टा व दो कारतूस भी बरामद किए हैं। हालांकि फैजान की गिरफ्तारी पर उसके परिजन ने सवाल उठाए हैं और यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
बांदा पुलिस के अनुसार गौ तस्कर फैजान के संबंध में मुखबिरों से सूचना मिली थी। सीओ सिटी राजवीर सिंह के नेतृत्व में मटौंध थाना व एसओजी की टीम ने गौरिहार-छतरपुर रोड पर आलमखोड़ मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग लगाई। उसी दौरान एक कार में 25 हजार का इनामी फैजान खान एमपी की ओर से मटौंध की ओर आते दिखा। चेकिंग देखकर उसने कार मोड़ कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो फैजान ने पुलिस पर फायर किया। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। गोली फैजान के पैर में लगी और वह आगे भाग नहीं सका। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर फैजान के परिजनों ने अलग ही कहानी बताते हुए यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं उनका कहना है कि फैजान अपने डेढ़ महीने के बेबी के इलाज के लिए पत्नी के साथ जबलपुर मेडिकल कॉलेज में कई दिनों से है। बुधवार को डेढ़ बजे वह अस्पताल से खाना लेने के लिए पत्नी को बताकर निकला। इसके बाद उसका पता नहीं चला। परेशान पत्नी ने परिजनों से संपर्क किया। परिजनों की तलाश के बाद यह पता चला कि जबलपुर सीहोरा रोड पर उसका मोबाइल बंद हो गया है। इसके बाद ढाई बजे सागर में टोल प्लाजा में उसकी कार नजर आई। सीसीटीवी फुटेज में वह कार चलाता नजर आया। इसके बाद उसकी कोई लोकेशन नहीं मिली और फिर बांदा पुल के पास उसका मोबाइल चालू हुआ, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों के मुताबिक उसे जबरन जबलपुर से ले जाया गया है।
फैजान पर गौ तस्करी के कई मामले में दर्ज हैं। उस पर यूपी के मटौंध थाना के अलावा मध्यप्रदेश के सतना, शहडोल, छतरपुर, अनूपपुर में भी पशु क्रूरता व अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। थाना मटौंध में गोवध व तस्करी के मामले में 23 दिसंबर 2024 से वह वांछित चल रहा था, जिसकी गिरतारी के प्रयास किए जा रहे थे।
Updated on:
30 May 2025, 8:19 PM IST
Published on:
30 May 2025, 8:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.