MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझगवां थाने में रिपोर्ट लिखाने पहुंचे युवक ने परिसर में खड़ी जीप से सर्च लाइट और लेजर चुरा ले गया।
MP News: मध्य प्रदेश को यूं ही अजब-गजब का तमगा नहीं दिया गया है। यहां पर कारनामे भी अजब-गजब ही होते हैं। सतना में एक्सीडेंट की रिपोर्ट लिखाने एक युवक थाना पहुंचा था। युवक ने मौका पाकर थाने में खड़ी जब्त जीप से ही लेजर और सर्च लाइट खोलकर पार कर दिया। पूरी वारदात थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी को शाम 6 बजे मझगवां निवासी दीपक पाण्डेय उर्फ पप्पू (40) अपने भांजे के साथ एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा था। इसी दौरान वह जीप से दो लेजर और सर्च लाइट खोलकर ले गया। बताया गया कि यूपी 70 बीई 2180 नंबर की यह जीप कुछ दिन पहले एक लूट के मामले में जब्त कर थाना परिसर में खड़ी की गई थी। जीप की लेजर और सर्च लाइट महज दो हजार रुपए की थी। रूटीन जांच के दौरान जब वाहन से लाइट गायब मिली तो मामले की जांच शुरू की गई।
थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर चोरी की पूरी घटना सामने आ गई। थाना के अंदर से चोरी को पुलिस अधिकारियों में गंभीर मामला माना और मालखाना प्रभारी दयाराम बैगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई। गुरुवार को आरोपी पांडेय को पकड़कर चोरी की गई लेजर व सर्च लाइट भी बरामद कर ली गई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया है।