मतदाता शुद्धिकरण: डोर टू डोर सर्वे में 83 हजार दावे-आपत्तियां मिलीं
सतना। आसन्न चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूची शुद्धिकरण का अभियान जिले में तेजी से चला। डोर टू डोर अभियान का समापन हो चुका है। इसमें बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया गया। नए मतदाताओं के नाम जोडऩे के दावे लिए गए तो बोगस मतदाताओं के नाम काटने संबंधी आपत्तियां प्राप्त कीं। मिले दावे-आपत्तियों के अनुसार इस बार तैयार होने वाली प्रारूप मतदाता सूची के लिए लगभग 33 हजार मतदाताओं के नाम काटे जाएंगे। 20 हजार के लगभग मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाएंगे।
31 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसमें भी दावे आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निराकरण करने के बाद शुद्ध मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। डोर टू डोर अभियान में जिले से कुल 83 हजार दावे-आपत्तियां बीएलओ के माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इनमें सर्वाधिक 15 हजार रामपुर बाघेलान विधानसभा से मिले हैं। चित्रकूट में 11 हजार, रैगांव में 9 हजार, सतना में 13 हजार, नागौद में 11 हजार, मैहर में 9 हजार एवं अमरपाटन में 12 हजार दावे आपत्तियां प्राप्त हुए हैं।
सतना में जुड़ेंगे सर्वाधिक नाम
बीएलओ ने विधानसभावार नाम जोडऩे प्रारूप ६ में जो दावे प्रस्तुत किए हैं उसके अनुसार सर्वाधिक 4500 मतदाताओं के नाम सतना विधानसभा में जोड़े जाएंगे। चित्रकूट में 37 सौ, रैगांव में 3 हजार, नागौद में 18 सौ, मैहर 12 सौ, अमरपाटन 26 सौ तथा रामपुर बाघेलान विधानसभा में 27 सौ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची मेें जोड़े जाएंगे।
26 हजार मतदाताओं की जानकारी होगी संशोधित
मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को भी चिह्नित किया गया है। जैसे किसी मतदाता का नाम गलत होना, उसकी उम्र गलत लिखा होना, पता गलत होना आदि। ऐसे दावे कुल 26 हजार प्राप्त किए गए हैं। संशोधन के सर्वाधिक दावे रामपुर बाघेलान विधानसभा के 56 सौ प्राप्त हुए हैं। चित्रकूट में 32 सौ, रैगांव में 27 सौ, सतना 24 सौ, नागौद 53 सौ, मैहर 32 सौ तथा अमरपाटन विधानसभा से 41 सौ दावे प्राप्त हुए हैं।
रामपुर विस में कटेंगे सर्वाधिक नाम
डोर-टू-डोर अभियान में बीएलओ द्वारा जो दावे आपत्तियां प्रस्तुत की गई हैं उसके अनुसार सर्वाधिक 7 हजार नाम रामपुर बाघेलान विधानसभा से काटे जाएंगे। चित्रकूट में लगभग 3700, रैगांव में 3400, सतना 65000, नागौद 38 सौ, मैहर में 38 सौ तथा अमरपाटन विधानसभा में 42 सौ नाम काटने की आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।
23 के बदले पते
सर्वे के दौरान ऐसे मतदाताओं के भी दावे प्राप्त किए गये हैं जो उसी विधानसभा में अन्यत्र निवास करने लगे हैं। प्रारूप 8 (क) में इनके नए पते प्राप्त किए गए हैं। अब इनका स्थान बदला जाएगा। ऐसे सर्वाधिक दावे चित्रकूट से 600 के लगभग प्राप्त हुए हैं। रैगांव से 200, सतना 400, मैहर 600, अमरपाटन से 194 तथा रामपुर बाघेलान से 107 दावे प्राप्त हुए हैं। नागौद से स्थान परिवर्तन के सिर्फ 7 दावे प्राप्त हुए हैं।
अभी चल रहा फीडिंग का कार्य
बीएलओ द्वारा प्राप्त होने वाले दावे आपत्तियों की फीडिंग निर्वाचन आयोग के सॉफ्टवेयर में तेजी से की जा रही है। फीडिंग उपरांत मतदाता सूची में इसके अनुरूप सुधार हो जाएगा। सुधार उपरांत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 31 जुलाई को किया जाएगा। इस सूची पर भी दावे आपत्तियां मंगाए जाएंगे। इन दावों और आपत्तियों के परीक्षण उपरांत आवश्यक संशोधन किया जाएगा। इसके बाद पूरी तरह से शुद्ध मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।