आरोपियों के शितेदारों से की गई पूछताछ, किराए के कमरे से पुलिस ने जुटाए सबूत, किराए से रहते थे हत्यारोपी
सतना. नवी मुंबई के रिकोंडा में ट्रिपल मर्डर के बाद सतना के खूंथी मोहल्ले के जिस घर में आरोपी सगे भाइयों ने फरारी काटी, वहां शनिवार को मुंबई पुलिस ने दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपियों के किराए के कमरे को जांचते हुए अहम साक्ष्य जुटाए हैं। इसके साथ ही आरोपियों के रिश्तेदारों से पूछताछ की है। दिनभर थाना सिटी कोतवाली में रहकर जांच कार्रवाई के बाद पुलिस टीम रात को वापस लौट गई।
यह है मामला
नवी मुंबई के तुर्भे एमआईडीसी में स्थित इंदिरा नगर के रिकोंडा में एक बंद कंपनी में अवैध रूप से भंगार का कारोबार चलता है। इस भंगार की दुकान में इरशाद शेख (20), नौशाद शेख (17) और राजेश (28) पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस ममाले में पुलिस ने सतना आकर रेल सुरक्षा बल की मदद से आरोपी सगे भाई सेबू हनीफ और शेरू हनीफ निवासी चकिया करेली इलाहाबाद को गिरफ्तार किया था।
जेल में सात साल
मुंबई से इंस्पेक्टर सुनील शिंदे, एसआइ सुधीर रेंगल के साथ तीन आरक्षक सतना आए थे। यह टीम अपने साथ एक आरोपी को भी लेकर आई थी। जिसकी निशादेही पर सबूत जुटाए गए हैं। आरोपी की बहन शीबी पत्नी महबूब से भी पुलिस ने पूछताछ की है। वह भी खूंथी में ही किराए से अलग रहती थी। यह बात सामने आई है कि दोनों भाई पहले ही हत्या की वारदात कर चुके हैं। जिसके बाद दोनों नैनी जेल में सात साल तक बंद रहे। जून 2018 में जेल से छूटने के बाद दोनों ने मुंबई में काम शुरू किया था।