
Satna Satyam Shukla Murder Case Accused: मध्यप्रदेश के सतना में हत्या जैसे गंभीर मामले में 14 महीने जेल में बिताने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी का पहला सार्वजनिक अंदाज ही चर्चा का विषय बन गया। जेल से रिहाई के बाद मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल (23) ने अपने साथियों के साथ शहर में ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया, मानो किसी गैंगस्टर की रिहाई का जश्न मनाया जा रहा हो। जेल के बाहर फूल-मालाओं से स्वागत हुआ और फिर बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीते हुए बाइक रैली निकाली गई। जेल से सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित घर तक निकले इस काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी मानसिंह उर्फ बेटू सिंगरौल को जमानत के बाद मंगलवार शाम को जेल से रिहाई मिली। जेल के बाहर आते ही बड़ी संख्या में समर्थक काफिला लिए जेल के बाहर इंतजार कर रहे थे। आरोपी मानसिंह के बाहर आते ही उसका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। काफिला जेल परिसर से निकला और बिड़ला रोड होते हुए सिद्धार्थ कॉलोनी तक पहुंचा। काफिले में बाइक सवार युवक शामिल थे। इस दौरान मान सिंह बोलेरो के बोनट पर बैठा नजर आया, जो हाथ में सिगरेट लिए हुए कश लगा रहा था। हत्या के मामले में आरोपी रहे युवक के स्वागत में निकाली गई इस रैली और खुलेआम किए गए शक्ति प्रदर्शन ने शहर में कानून-व्यवस्था और पुलिस की निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक 4 सितंबर को कोलगवां थाना क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास सूर्यप्रताप अपने दोस्त आदित्य के साथ चाय पीने के बाद बस स्टैंड जाने के लिए बाइक पर बैठ रहा था। तभी वेद मिश्रा, आयुष द्विवेदी उर्फ बेटू किंग, अर्पित तिवारी, सचिन पाल, बेटू सिंगरौल और सत्यम शुक्ला वहां पहुंच गए। बताया गया कि वेद मिश्रा ने सूर्यप्रताप से विवाद शुरू किया और विवाद बढ़ने पर कट्टे से फायर कर दिया। सूर्यप्रताप सही वक्त पर झुक गया, जिससे गोली उसे नहीं लगी। गोली चलने से नाराज सत्यम ने साथियों को कट्टा रखने के लिए कहा। इसी बात पर विवाद ने नया मोड़ ले लिया। आरोप है कि सचिन पाल ने सत्यम के सीने में गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी सत्यम को बिरला हॉस्पिटल के गेट पर छोड़कर भाग गए थे। गंभीर हालत में उसे रीवा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। इस हत्याकांड में मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल अपने तीन अन्य साथियों के साथ करीब 14 महीने से जेल में बंद था।