सतना

हत्या: खेत में पत्थर से हमला कर युवक की हत्या

सिविल लाइन के अहरी टोला में हुई वारदात, संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस

2 min read
Jun 06, 2019
Murder: The assassination of the young man by attacking the stone

सतना. सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अहरी टोला में पत्थर से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात हुई इस वारदात की खबर पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी विजय प्रताप सिंह, टीआइ अर्चना द्विवेदी ने मौका मुआयना करते हुए सीन ऑफ क्राइम यूनिट से डॉ. महेन्द्र सिंह को फॉरेंसिक जांच के लिए बुलाया। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बबुआ उर्फ अजय कोल पुत्र देवशरण कोल (35) निवासी कोलान बस्ती अहरी टोला थाना सिविल लाइन के रूप में की गई है। मृतक का शव अहरी टोला स्थित विश्राम यादव के खेत से बरामद किया गया है। फॉरेंसिक अधिकारी ने शव परीक्षण करते हुए बताया कि अजय की दायीं कनपटी पर पत्थर से हमला किया गया है। घटना स्थल से पुलिस ने रक्त रंजित पत्थर भी बरामद कर लिया है।
दो दिन पहले कटनी से आया
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक अजय कटनी और सतना में पल्लेदारी का काम करता था। मंगलवार को ही अजय कटनी से सतना आया था। उसे शराब पीने की लत थी। नशे का आदी होने की वजह से ही अजय की पत्नी तीन बच्चों को लेकर मायके चली गई और करीब पांच साल से वह कोठी स्थित मायके में ही रह रही है। जबकि अजय यहां अपने पिता और दो भाईयों के साथ रहता था।
नशे की हालत में हत्या
पुलिस की प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में अजय की हत्या की गई होगी। अजय के साथ रहने वाले युवकों से अलग अलग पूछताछ की जा रही है। अजय के परिजनों ने दोस्तों के नाम बताए हैं। इस आधार पर कई संदेही पकड़े गए हैं। पुलिस का मानना है कि जल्द ही हत्या की इस वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें

रेप: युवती से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
Published on:
06 Jun 2019 11:50 pm
Also Read
View All