पवन एक्सप्रेस में लगी आग, कोच से निकल रहा धुआं, सतना में हुई जांच, मैहर स्टेशन में भी हुई जांच, कटनी से साथ रवाना हुआ स्टाफ
सतना। मुज्जफरपुर से लोकमान्य तिलक जा रही गाड़ी संख्या 11602 पवन एक्सप्रेस में आग लगने और कोच से धुआं निकलने की शिकायत करते हुए मंगलवार सुबह यात्री प्रिंसकुमार यादव ने रेलमंत्रालय को ट्वीट किया। आग लगने का ट्वीट मिलते ही अफसर हरकत में आए और ट्रेन को सतना, मैहर व कटनी रेलवे स्टेशन में रोककर जांच कराई गई।
आग लगने जैसी घटना नहीं हुई
कटनी रेलवे स्टेशन में कैरिज एंड वैगन का स्टॉफ ट्रेन में सवार होकर साथ ही रवाना हुआ। आरपीएफ जबलपुर ने मंत्रालय को ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि सतना में ट्रेन की जांच के दौरान यह सामने आया कि ट्रेन के पांच कोच के ब्रेक जाम होने से धुआं उठा था, आग लगने जैसी घटना नहीं हुई है।
प्लेटफार्म पर रेल पुलिस ने शुरू की सघन जांच
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रेल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को डॉग स्क्वाड की मदद से रेल सुरक्षा बल और जीआरपी ने प्लेटफार्म पर सघन जांच की है। यात्री प्रतीक्षालय और कानकोर्स एरिया में भी संदिग्धों से पूछताछ कर लगेज को जांचा। आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक मान सिंह, जीआरपी चौकी प्रभारी संतोष तिवारी के नेतृत्व में निगरानी बढ़ाई गई है। ट्रेन में भी पेट्रोलिंग गार्ड को निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति पर संदेह होने पर कंट्रोल रूम और आने पोस्ट को सूचना दें।
यह पकड़े गए...
सतना रेलवे स्टेशन परिसर में जांच के दौरान आरपीएफ ने शराब पी रहे आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यात्री ट्रेन के विकलांग कोच में यात्रा कर रहे 11 अनाधिकृत यात्रियों पर कार्रवाई की गई। प्लेटफार्म चेकिंग के दौरान दो अवैध वेंडर भी पकड़े हैं।
पवन एक्सप्रेस में ब्रेक जाम होने की वजह से यात्रियों द्वारा धुआं निकलने की शिकायत दर्ज करवाई गई थी। कटनी से सीएनडब्लू स्टॉफ ट्रेन के साथ रवाना किया गया है।
संजय दुबे, प्रबंधक, कटनी