सतना

मध्यप्रदेश में पिछड़ी जातियों को साधने BJP करने जा रही महाकुंभ, यहां पढ़िए पूरा चुनावी प्लान

पिछड़ा वर्ग महाकुंभ: तैयारियों का कलेक्टर ने लिया जायजा, 700 फीट लंबा बनेगा डोम, पार्क के पास होगी वीआइपी पार्किंग
2 min read
• •
Updated: 3 Sep 2018, 6:19 PM IST
pichada varg mahakumbh: BJP's eyes on OBC voters to begin in satna
pichada varg mahakumbh: BJP's eyes on OBC voters to begin in satna

सतना। जिले में 10 सितंबर को आयोजित होने जा रहे पिछड़ा वर्ग महाकुंभ की तैयारियों को लेकर कलेक्टर मुकेश शुक्ला ने हवाई अड्डे के बगल स्थित मैदान का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम पीएस त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में एक लाख की भीड़ के लक्ष्य के मद्देनजर आयोजन स्थल में सभी तैयारियां कराने के निर्देश दिए गए।

बताया गया है कि यहां माध्यम द्वारा वाटर प्रूफ डोम बनाया जाएगा। डोम की चौड़ाई 135 फीट तथा लंबाई 500 से 700 फीट रखी जाएगी। इसके अलावा डोम के बगल में दोनों और 40-40 फीट चौड़ाई के पंडाल लगाए जाएंगे। डोम के पीछे तय दूरी के बाद पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। पेयजल की व्यवस्था के लिए कलेक्टर ने पार्क की बाउंड्री से लगकर नलों की टोंटी लगाने और पानी के पाउचों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मार्ग का निरीक्षण
पार्किंग स्थल तक आने के लिए वाहनों के मार्ग का भी जायजा लिया गया। बाइपास मार्ग से होकर आवासीय विद्यापीठ होते हुए मैदान तक वाहन आएंगे। बारिश के मद्देनजर वाहनों को फिसलन से बचाने मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस को आयोजन दिनांक की ट्रैफिक व्यवस्था के लिए कहा गया। वीआइपी पार्किंग पार्क के पास बनाई जाएगी।

हवाई अड्डे का निरीक्षण
इस दौरान कलेक्टर ने हवाई अड्डे का दौरा किया। हवाई पट्टी पर सुरक्षा के मद्देनजर कुछ आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री इस आयोजन में हवाई जहाज से ही आएंगे।

मैहर में हो चुका है शबरी महाकुंभ
बता दें कि, इसके पहले वर्ष-2016 में मैहर विधानसभा उपचुनाव में जीत मिलने के बाद भाजपा की ओर से शबरी महाकुंभ मैहर में आयोजित कराया गया था। जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मैहर में शबरी समाज का आश्रम बनाने और फिर बाद में अमरकंटक में शबरी मां की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। कुंभ के माध्यम से कोल जनजाति की संस्कृति, संरक्षण और संवर्धन करने का प्रयास किया गया था। अब सतना में पिछड़ा वर्ग का महाकुंभ आयोजित कर पटेल, कुशवाहा, लोहार, बढ़ई, यादव, पाल आदि पिछड़ी जातियों को साधने की कोशिश की जा रही है।

Published on: