ऑन लाइन आर्डर पर ठगी का मामला, वन क्षेत्रपाल ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
सतना. ऑन लाइन मोबाइल फोन आर्डर करने पर डिब्बे से कागज के टुकड़े निकले हैं। शनिवार को वन क्षेत्रपाल के साथ हुई इस ठगी की शिकायत सिविल लाइन थाना में की गई है।
वन परिक्षेत्र सतना के वन क्षेत्रपाल अरुण शुक्ला ने लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया, उन्होंने अमेजन ऑन लाइन कंपनी को 15 अक्टूबर 2019 को ऑन लाइन भुगतान कर मोबाइल फोन ऑर्डर किया था। जिसकी डिलेवरी 30 अक्टूबर को होनी थी। लेकिन इसके पहले ही शनिवार को ई कॉम कोरियर कंपनी से फोन आया जिसमें बताया कि आपका मोबाइल आ गया है। डिलेवरी ब्याय दीनेन्द्र वर्मा से हनुमान मंदिर के पास मुख्त्यारगंज में संपर्क कने पर उसे ओटीपी बताकर डिलेवरी पैकेट प्राप्त कर लिया। इसी बीच कोरियर कंपनी का ही एक व्यक्ति आनंद दुबे भी वहां पहुंच गया। डिलेवरी लेने के बाद अरुण अपने कार्यालय वन परिक्षेत्र सतना में आए और यहां मौजूद स्टॉफ गुलाब चौधरी, संजय प्रजापति, काशी प्रसाद तिवारी, राजकुमार गुप्ता, पंकज शाह समेत अन्य के सामने पैकेट खोला। मोबाइल के डिब्बे में कागज के मुड़े हुए टुकड़े मिलने पर सभी दंग रह गए। इसके बारे में सूचना देने कोरियर कंपनी को फोन किया तो संपर्क नहीं हुआ। इसके बाद डिलेवरी ब्याय भी नहीं मिला। जब कोरियर कंपनी के दफ्तर गए तो आनंद दुबे और धीरेन्द्र मिश्रा से संपर्क हुआ। इन्होंने शिकायत ऑन लाइन प्रेषित करते हुए निराकरण कराने का आश्वासन दिया। फरियादी अरुण ने पुलिस से मांग की है कि अमेजन कंपनी, कोरियर कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।