- पिया की तस्वीर वाली मेहंदी हाथों में बनाकर तैयार हो रही दुल्हनें- शादियों के सीजन में हाथों के साथ पैरों की मेहंदी मेकअप आर्टिस्ट कर रहे सजेस्ट
सतना. इन दिनों शादियों का सीजन तेजी से चल रहा है। इस सीजन में बहुत से घरों में शादियां हो रही है। इस दौरान बहुत सारी लड़कियां दुल्हन बनेंगी और उनके हाथों में पिया के नाम की मेहंदी रचेगी। वैसे आपको बता दें कि शादी में मेहंदी का खास महत्व होता है। जैसे शादी का जोड़ा, गहने और मेकअप दुल्हन के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। वैसे ही मेहंदी का भी अलग ही क्रेज होता है।
दुल्हन के सोलह श्रंगार में यदि मेहंदी न हो तो उसे अधूरा ही माना जाता है। हर होने वाली दुल्हन को इस बात की चिंता होती है कि उसकी मेहंदी सुंदर और काली रची हुई रहे। बीते कुछ माह से शहर की 50 प्रतिशत दुल्हनें अब पोट्रेट मेहंदी की डिमांड कर रही है। इसी के साथ ही दुल्हनें इन दिनों केवल हाथों में नहीं बल्कि पैरों में भी मेहंदी लगती है। दुल्हन की मेहंदी आम मेहंदी से अलग इसलिए होती हैं क्योंकि इसमें हैवी डिजाइंस होती हैं।
क्या है पोट्रेट मेहंदी
ब्यूटी एक्सपर्ट रीता शर्मा ने बताया कि इस सीजन में 50 फीसदी दुल्हनें पोट्रेट मेहंदी की डिमांड करती है। इस मेहंदी की खास बात यह होती है कि इसमे पिया की तस्वीर पोट्रेट मेहंदी के माध्यम से हाथों में उकेरी जाती है। एक हाथ में दुल्हा की फोटो होती है जबकि दूसरे हाथ में दुल्हन को चेहरा दिखाया जाता है। जैसे पेंटर हूबहू पेंटिग बना देते है वैसे ही मेहंदी लगाने वाले एक्सपर्ट उसी तरह दुल्हा-दुल्हन की तस्वीर पोट्रेट मेहंदी से बना देते है।
मेहंदी में दुल्हनें बयां करती है लवस्टोरी
लक्ष्मी त्रिपाठी का कहना है कि बड़े शहरों के साथ ही अपने शहर में भी हर कोई पोट्रेट मेहंदी लगवाता है। आजकल की लड़कियां पोट्रेट मेहंदी के जरिए अपनी पहली डेट या अपनी लवस्टोरी को भी बयां करती है। दूल्हा-दुल्हन की तस्वीर के साथ लड़किया बारात, फेरे, जयमाला आदि के पोट्रेट बनवाती है। इतना ही नहीं पोट्रेट स्टाइल मेहंदी में दुल्हनें बेहद ही खूबसूरत दिखती है। सहेलियां से लेकर रिश्तेदार तक पोट्रेट मेहंदी के लिए सजेस्ट करते है।