सतना

अप्रैल-मई में इस रेलवे स्टेशन से हुई बंपर कमाई, फिर जून ने किया निराश

रेलवे... चालू वित्तीय वर्ष में 50 करोड़ की उम्मीद
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 2:21 PM IST
Revenue of 50 crores in satna railway station
Revenue of 50 crores in satna railway station

सतना। हर साल यात्री यातायात से 50 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाने में चूकने वाला सतना स्टेशन चालू वित्तीय वर्ष में यह आंकड़ा पार कर सकता है। मुम्बई-हावड़ा रेलखंड के प्रमुख और ए ग्रेड स्टेशनों में शुमार सतना स्टेशन से गर्मी के तीन माह अप्रैल, मई व जून में 11.06 लाख यात्रियों ने सफर करते हुए 13.56 करोड़ की आमदनी कराई है। यह रकम आरक्षित व अनारक्षित टिकटों की बिक्री से आई है। रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि इसी तरह यात्री मिलते रहे तो इस वित्तीय वर्ष सतना स्टेशन पचास करोड़ रुपए जुटा लेगा।

बताया गया, रेलवे को अप्रैल में उम्मीद के मुताबिक यात्री मिले। मई में मुसाफिरों सहित कमाई में भी बम्पर उछाल आया। हालांकि जून में निराशा हाथ लगी। जानकारों के मुताबिक सतना से गुजरने वाली 174 ट्रेनों में से दो दर्जन ट्रेनें एेसी हैं जो बारह महीने राजस्व देती हैं। बाकी गर्मियों की छुट्टी व त्योहारों में ही रेलवे की तिजोरी भरती हैं। रेवांचल एक्सप्रेस, महाकौशल, रीवा-आनंद विहार, मुम्बई-हावड़ा, पटना-पुणे जैसी ट्रेन सतना के लिए कमाऊपूत साबित होती हैं।

मई की भीड़ दे गई राहत
सतना से गुजरने वाली ट्रेनों की भीड़ से यहां के स्टेशन की भी झोली भरी। मई की गर्मी ने रेलवे को काफी राहत पहुंचाई। बताया गया कि अप्रैल में सतना स्टेशन से 3.35 लाख यात्रियों ने ट्रेन सफर किया। इससे रेलवे को 3.70 करोड़ की आय हुई। मई में अप्रैल की अपेक्षा 62 हजार यात्री बढ़े और राजस्व में भी 2 करोड़ 30 लाख का इजाफा हुआ। मई में कुल 3.97 यात्रियों ने सफर किया। इससे रेलवे को बम्पर 6 करोड़ की आमदनी हुई। रेलवे अधिकारियों को उम्मीद है कि यदि मई जैसे अक्टूबर-नवम्बर के महीने मिल जाएं, तो सतना स्टेशन बड़ी आसानी से 50 करोड़ रुपए पार कर जाएगा।

उम्मीदों से पीछे रहा जून
मई की गर्मी में 6 करोड़ पाने वाले सतना स्टेशन को जून में निराशा हाथ लगी। उम्मीद के मुताबिक जून का बिजनेस पीेछे रहा। रेलवे को उम्मीद थी कि छुट्टी का महीना होने के चलते जून में भी 5 से 6 करोड़ की आय होगी लेकिन एेसा नहीं हुआ। ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रकम में तब्दील नहीं हो पाई। मई की अपेक्षा जून में यात्री सिर्फ 24 हजार ही घटे लेकिन राजस्व 2.14 करोड़ कम हो गया।

अक्टूबर से फिर स्थिति में सुधार

जून में सतना से 3.74 लाख यात्रियों ने सफर शुरू किया, जिससे आय 3.89 करोड़ हुई। सूत्रों के मुताबिक जुलाई में भी करीब 3 लाख यात्रियों ने सफर किया और तीन करोड़ की आमदनी हुई। बताया गया कि जुलाई व सितम्बर कमाई के लिहाज से अच्छे साबित नहीं होते। अगस्त में रक्षाबंधन के बावजूद पहले की तुलना में अब आय नहीं होती। अक्टूबर से फिर स्थिति में सुधार होता है।

60 करोड़ तक पहुंचना चुनौती
- 2016-17 में सतना स्टेशन से 39.62 लाख यात्रियों ने सफर किया, जिससे 44.77 करोड़ राजस्व मिला।
- 2017-18 में यहां से 40.63 लाख मुसाफिर ट्रेनों में चढ़े, जिससे रेलवे को 46.37 करोड़ की आमदनी हुई।
- 2018-19 की पहली तिमाही में महज 11.6 लाख यात्री सतना स्टेशन को मिले, इनसे 13.56 करोड़ की आय हुई।
- बीते दो साल में रेल यातायात से 50 करोड़ का राजस्व नहीं जुट पाया, वाणिज्य विभाग ने इस वर्ष 60 करोड़ का लक्ष्य रखा है।

Published on: