
सतना. कलेक्टर अनुराग वर्मा ने नवाचार करते हुए जिले में पहली बार सरकारी विद्यालयों में भी समर कैम्प का आयोजन कराया। जिसमें विद्यालयों के बच्चों के लिये विभिन्न शारीरिक और मानसिक खेल आयोजित किये गये। इन खेलों का ग्रैंड फिनाले रविवार को व्यंकट वन के खेल मैदान में क्रिकेट मैच के साथ हुआ। व्यंकट 1 और व्यंकट 2 के बीच हुए इस मैच में बच्चों के उत्साह वर्धन के लिये खुद कलेक्टर अनुराग वर्मा और जिला पंचायत सीईओ डॉ परीक्षित राव ने लीड किया। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मैच टाइ रहा। इसके बाद सुपर ओवर खेला गया। जिसमें बिना रन बनाए कलेक्टर इलेवन ने जीत हासिल की। मैच उपरांत विजेता और उप विजेता टीमों के खिलाडि़यों को ट्रॉफी और पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम राजेश शाही, डीईओ नीरव दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी सहित काफी संख्या में विद्यार्थी और दर्शक मौजूद रहे।
कलेक्टर इलेवन ने जीता टॉस
समर कैम्प के ग्रैंड फिनाले में पहले टॉस हुआ। टॉस में व्यंकट 1 के कैप्टन कलेक्टर और व्यंकट 2 के कैप्टन जिपं सीईओ मौजूद रहे। टॉस जीतने के बाद कलेक्टर इलेवन बैटिंग के लिये उतरी। कलेक्टर ने इलेवन ने तय 12 ओवरों में 80 रन बनाए। इसके बाद बैटिंग करने के लिये जिपं सीईओ इलेवन की टीम उतरी। इस टीम ने भी शानदार प्रधर्शन करते हुए 80 रन बनाए। हालांकि अंतिम ओवर में कलेक्टर इलेवन के बालर ने तीन विकेट लेकर मैच को हारने से बचा लिया। इस तरह मैच टाई हो गया।
सुपर ओवर में फैसला
मैच टाई होने पर सुपर ओवर खेला गया। जिपं सीईओ इलेवन मैच खेलने उतरी लेकिन इसके दोनों बैट्समैन बिना रन बनाए आउट हो गए। इसके बाद उतरे कलेक्टर इलेवन के वैट्समैन कोई रन बना पाते कि पहली बाल ही वाइट हो गई।
कलेक्टर रन आउट पर थर्ड आई की कमी खली
इस मैच में कलेक्टर रन आउट हुए। लेकिन पाया गया कि कीपर बॉल को विकेट में नहीं लगा पाया था बल्कि उसके हाथ से स्टंप गिर गया था। जिसे अम्पायर ने आउट दे दिया। हालांकि कलेक्टर इलेवन टीम ने इस पर आपत्ति भी की। उधर जिपं सीईओ इलेवन ने क्रिकेट रूल का दूसरा हवाला दिया। इसी तरह एक नो बॉल पर जिपं सीईओ इलेवन ने भी आपत्ति दी। एक आपत्ति जिपं सीईओ इलेवन की बाउण्ड्री की भी रही जिसे अम्पायर ने चार रन बताया था। लेकिन कलेक्टर ने 6 रन को स्वीकार किया। बहरहाल मैच पूरी तरह से खेल भावना और हास परिहास के बीच खेला गया। अगली बार इसे और बेहतर बनाने का संकल्प लिया गया।