सतना

Satna: पिछले हफ्ते बड़ाई क्या कर दी आप लोग हाथ पर हाथ रख कर बैठ गए

छिंदवाड़ा और सतना के बीच जबरदस्त टक्कर है। सीएम हेल्पलाइन में अव्वल रहने दोनों जिले प्रदेश में नंबर वन के लिए टक्कर ले रहे हैं। लेकिन कुछ अधिकारियों की लापरवाही के चलते सतना पिछड़ रहा है। इसे लेकर कलेक्टर ने सभी को जम कर फटकार लगाई है।

2 min read
Feb 15, 2022
Satna: पिछले हफ्ते बड़ाई क्या कर दी आप लोग हाथ पर हाथ रख कर बैठ गए
समय सीमा बैठक लेते कलेक्टर अनुराग वर्मा

सतना। प्रदेश में पहली बार सतना जिला सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में टॉप थ्री में पहुंच सका है। इसकी रैंकिंग 20 फरवरी को जारी होनी है। पहले स्थान के लिये छिंदवाड़ा और सतना जिले में सीधी टक्कर है। हालांकि पिछले दिनों सतना जिला छिंदवाड़ा को पीछे करते हुए पहले स्थान पर आ गया था लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते फिर दूसरे स्थान पर आ गया है। इसको लेकर सोमवार को कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सभी अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि पिछले हफ्ते आप लोगों के काम की बड़ाई क्या कर दी सभी लोग अब हाथ पर हाथ रखकर बैठ गए। तय अवधि तक हमे शिकायत निराकरण में पहले स्थान पर आना है। इसके लिये कम से कम एक हजार शिकायतें निराकृत करनी है। इस मामले में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर उचेहरा के एसडीएम और तहसीलदार को छोड़कर सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह से पीएचई में शिकायत बढ़ने पर ईई पीएचई को भी नोटिस देने कहा। इस दौरान आयुक्त नगर निगम तन्वी हुड्डा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव सहित सभी एसडीएम और जिले के विभाग प्रमुख उपस्थित रहे।

एक सप्ताह में कम हुईं सिर्फ 27 शिकायतें

कलेक्टर ने समीक्षा में पाया कि गत सप्ताह में जिले के औसत में 27 प्रकरण ही कम हुए हैं। अभी 10878 प्रकरण लंबित हैं। कहा, 10 हजार से नीचे लाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन लापरवाही के कारण ऐसा नहीं हो सका है। ग्रेडिंग में अभी 6 दिन शेष हैं इस दौरान एक हजार प्रकरण निराकृत करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी में सीएम हेल्पलाइन की शिकायत कम होने के बजाय 84 शिकायतें बढ़ने पर कार्यपालन यंत्री रावेंद्र सिंह को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। रामपुर बाघेलान, मैहर और अमरपाटन विकासखंड में खाद्य आपूर्ति विभाग की शिकायत वृद्धि पर संबंधित कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीएमएचओ सीएस को लगाई फटकार

अमरपाटन से जिला अस्पताल रेफर किये गये मरीज को जिला अस्पताल से निजी अस्पताल संजीवनी में भेजे जाने और उससे जबरिया वसूली के मामले को लेकर कलेक्टर ने सीएमएचओ को जमकर फटकार लगाई। इस पर सीएमएचओ ने कहा कि वह संस्थान बंद कर देने लायक है। इस पर कलेक्टर भड़क गये। कहा, ऐसे कैसे बंद कर दोगे। पहले नोटिस दो इसके बाद विधिसम्मत कार्यवाही करो। इसके बाद सीएस से मुखातिब हुए। कहा, आपके अस्पताल से मरीज कैसे प्राइवेट अस्पताल में भेजे जा रहे हैं। इस पर सीएस ने कहा कि जांच करवा रहे हैं। तब कलेक्टर ने कहा कि क्या जांच करवा रहे हैं। सीसीटीवी में देखिये अपने आप पता चला जाएगा कि कौन ले गया है और किसके साथ गए हैं। आप खुद तो बैठते नहीं है अस्पताल में। इस पर सुधार लाएं।

जनपद सीईओ की कटेगी वेतन

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा के दौरान 6070 आवासों की तीसरी किस्त जारी होने के बावजूद 5834 आवास पूर्ण रहने पर कलेक्टर ने अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आवास योजना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सीईओ जनपद की एक सप्ताह की वेतन काटी जाएगी।

डीएम नान पर भड़के

मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम की समीक्षा में एमडीएम के खाद्यान्न चावल की मात्रा 87 हजार एमटी डिस्पैच और 16 हजार एमटी रिसीव्ड मात्रा में असमानता होने पर जिला प्रबंधक नान पर अप्रसन्नता जताई गई। बाणसागर परियोजना के कार्यपालन यंत्री या अन्य किसी अधिकारी के बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

Published on:
15 Feb 2022 10:30 am