सतना

सतना वार्ड क्रमांक-28: 300 व्यक्तिगत शौचालय की राशि वसूल कर बनाना भूल बैठा निगम, यहां देखें स्वच्छता की तस्वीर

ओडीएफ शहर का टंडन वार्ड चिढ़ा रहा स्वच्छ भारत अभियान को
2 min read
Jun 09, 2018
Satna Nagar Nigam Ward No. 28 news in hindi
Satna Nagar Nigam Ward No. 28 news in hindi

सतना। नगर निगम प्रशासन स्वच्छता के मामले पर गत वर्षों से जमकर पैसे खर्च कर रहा है। ओडीएफ घोषित इस शहर में शत प्रतिशत व्यक्तिगत शौचालय होने का दम निगम भरता रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत जरूरतमंदों के घरों में शौचालय बनाने के लिए 1 हजार 360 रुपए वसूलता है।

इसके एवज में शौचालय बनवाकर निगम देता है, लेकिन वार्ड क्रमांक-28 जवाहर नगर, खूंथी से शहर सरकार ने तकरीबन 300 व्यक्तिगत शौचालय बनाने के नाम पर पैसे जमा करवा लिए, परंतु आज तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। बमुश्किल 30 से 35 हितग्राहियों के यहां बनवाए गए जो आज तक अधूरे हैं।

कहीं सिर्फ गड्ढा खोद दिया गया तो कहीं टीन शेड बिछाकर छोड़ दिया गया। वहीं पार्षद की शिकायत पर हर बार निगम चंद दिनों की मोहलत मांगकर निर्माण कार्य को ठंडे बस्ते में डाल देता है, जबकि ठेका कंपनी शुक्ला कंसट्रक्शन द्वारा मानमाने कार्य का आरोप लगाया जा रहा है। बहरहाल पुरुषोत्तम दास टंडन वार्ड में स्वच्छ भारत अभियान की पहल पूरी तरह से बेमानी साबित हो रही है।

पानी निकासी की व्यवस्था नहीं
दादा सुखेन्द्र सिंह स्टेडियम के ठीक बगल से निकले प्रमुख मार्ग में बारिश के दिनों में भारी जलभराव होता है। पानी निकासी के लिये कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। लिहाजा यहां नाले का निर्माण कार्य करवाने का प्रस्ताव तैयार करवाया गया। जिसकी फाइल बने महीनों गुजर गये, लेकिन इंजीनियरों की मनमानी के आगे सभी लाचार दिखाई पडे़।

अंधड में टेंशन देता है विद्युत पोल
वार्ड में लगा विद्युत पोल दूसरी ओर लटक गया है। तारों का फैला जाल आसपास के लोगों के लिये टेंशन बना है। वहीं सड़क व नाली के परखच्चे उड़ चुके हैं। पहले जलावर्धन योजना ने वार्ड की तस्वीर बिगाड़ी अब सीवर लाइन और निजी टेलीकाम कंपनी की बिछ रही लाइन ने मुसीबत खड़ी कर दी है।

फैक्ट फाइल
- क्षेत्र: जवाहर नगर, खूंथी, हरिजन बस्ती, मुस्लिम बस्ती
- वार्ड नाम: पुरुषोत्तम दास टंडन
- कुल जनंसख्या 6062
- अजा जनसंख्या 1276
- अजजा जनसंख्या 10
- मतदाता 4742
- पुरुष 2507
- महिला 2235

मुख्य मार्ग के नाले के कारण वार्ड में पानी भरता है। कई बार शिकायत के बाद भी नाले का निर्माण नहीं हुआ है जिस कारण आम जनता को दिक्कत होती है।
संजीव पटेल

वार्ड में निचली बस्ती में सुलभ कॉम्पलेक्स नहीं होने के कारण सभी को दिक्कत होती है। निगम द्वारा आश्वासन दिया गया, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ है।
विनोद द्विवेदी

पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सारी वार्ड की सड़कें खोद दी गई हैं। अभी सीवर लाइन बिछनी है। इसके बाद आम जनता को काफी दिक्कत होगी।
वसीम खान

खंभों में रात को लाइट नहीं जलती है। नालियां टूटी हैं। निचली बस्ती में मूलभूत समस्याएं हैं। पार्षद द्वारा शिकायत करने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है।
बबलू रजक

पुलिया का निर्माण जब तक नहीं होता है तब तक जनता को दिक्कत होगी। सुलभ कॉम्पलेक्स बनाने आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक कुछ भी नहीं हुआ है।
राजाराम साकेत

निचली बस्ती में पानी भरता है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का निदान नहीं हुआ है। नाले को पुन: तोड़ कर बनाने की जरूरत है।
रामू सिंह

वार्ड में स्थित कब्रिस्तान में टीन शेड लगाने की जरूरत है। लाइट की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। कई बार कहा गया कि समस्या का हल होगा, लेकिन
नहीं किया गया।
मो. इक्सियात

शौचालय का पैसा ननि ने जमा करवा लिया पर बनाया आज तक नहीं। नाले के लिए कई बार निगम के चक्कर लगाये वह भी अटका है। हमारे वार्ड को उपेक्षा का शिकार बनाया जा रहा है।
कुदरत उल्ला बेग, पार्षद

Published on:
09 Jun 2018 12:40 pm