सतना

सतना वार्ड क्रमांक-29: असरदारों ने ‘पचा’ लिया नाला, खंडहर हो गए नगर निगम के बनवाए गए शौचालय

ओडीएफ शहर में हितग्राही लोटा लेकर जाने को मजबूर

2 min read
Jun 09, 2018
Satna Nagar Nigam Ward No. 29 news in hindi

सतना। पतेरी, आकाशगंगा नगर सहित वार्ड क्रमांक-29 का प्रमुख नाला यहां से गायब है। पुलिया तक सिर्फ पानी निकासी का रास्ता अस्तित्व में दिखाई दे रहा है। पार्षद शैलेंद्र सिंह ने कई बार निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। मौके पर टीम भी गई। लेकिन नाला नहीं खोज पाए। अब तक संशय इस बात पर है कि आखिर नाला गायब कहां हो गया।

असरदारों ने एेसा कब्जा किया कि प्लॉट और बड़ी इमारतों के बीच नाला निगल लिया गया। नगर निगम द्वारा पात्र हितग्राहियों के यहां व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण करवाया गया था। जो अब खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। गुणवत्ताहीन कार्य के बीच कहीं दीवार चटक गई तो कही सेप्टिक टैंक धंस गया।

ये भी पढ़ें

unique news: मामा के कहने पर भांजे कर रहे थे अवैध वसूली, पुलिस ने पकड़ा

इस सुविधा का मिला लाभ
वार्ड में कहने को 4 पार्क हैं। इसमें अब तक सिर्फ एक को निगम विकसित कर सका है। सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य जारी है। पीएम आवास के बीएलसी घटक में 100 आवेदन लगे हुए हैं। जबकि एचपी घटक में बमुश्किल 8 से 10 की संख्या में आवेदन हैं। जलावर्धन से 70 फीसदी क्षेत्र पानीदार है, जबकि 30 फीसदी में अभी भी पाइपलाइन नहीं बिछाई गई।

मुक्तिधाम भी नहीं
इस क्षेत्र की सीमा तीन वार्ड 1, 29, 30 के बीच से होकर गुजरती है। यहां शासकीय भूमि भी रिक्त पड़ी है। आज तक निगम की ओर से एक मुक्तिधाम का निर्माण नहीं करवाया गया। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रहवासी किसी तरह इधर-उधर जगह खोजकर अंतिम संस्कार करते हैं।

हकीकत
- वार्ड नाम: रफी अहमद किदवई
- जनसंख्या 5315
- अजा जनसंख्या 250
- अजजा जनसंख्या 20
- मतदाता 3528
- पुरुष 1858
- महिला 1670

बारिश के दिनों में जलभराव होता है। यहां का नाला गायब हो गया है। नगर निगम नाला खोज नहीं पा रहा। सफाई और विद्युत व्यवस्था बेपटरी है। निगम की उपेक्षा का शिकार भी होना पड़ा है।
शैलेंद्र सिंह, पार्षद, ननि नेता प्रतिपक्ष

नालियों की नियमित सफाई नहीं होती है। कई दिनों तक सफाई न होने से मच्छरों का प्राकोप रात को बढ़ जाता है। अविकसित पार्कों में काम होना शेष है।
राजेश प्रताप सिंह

वार्ड में मुक्तिधाम न होने के कारण वार्ड के लोगों को काफी दिक्कत होती है। वार्ड में कई इलाके की नालियां टूटी हैं। पाइप लाइन बिछाने सड़कें तोड़ी गई हैं।
श्रीराम पाण्डे

निचली बस्ती के लोगों को सुबह नित्य क्रिया करने मैदान जाना पड़ता है। वार्ड में सुलभ कॉम्पलेक्स नहीं है। कई इलाकों में सफाई नहीं होती है।
बेटा तिवारी

नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण नालियां चोक हो रही हैं। वार्ड में कई इलाकों में सड़कें बनी नहीं है। इस कारण आम जनता को दिक्कत होती है।
भागवत प्रसाद गुप्ता

प्राथमिक उपचार के लिए कोई सुविधा नहीं है। एक मिनी चिकित्सालय होना चाहिए। वार्ड में मूलभूत सुविधा होना अति जरूरी है। इलाके में न तो सड़क है और न पानी है।
शकुंतला चौधरी

कई इलाकों में रात होने पर बिजली नहीं जलती है। इस कारण परेशानी और अधिक बढ़ जाती है। शिकायत करने के बाद भी सुधार नहीं होता है।
अरुण रैकवार

हमारे इलाके में सड़क नहीं है। इस कारण बरसात में काफी परेशानी होती है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उर्मिला चौधरी

ये भी पढ़ें

MP के इस शहर में 10 मिनट की हवा में आधा दर्जन फीडर ठप, छह घंटे गुल रही बिजली
Published on:
09 Jun 2018 12:21 pm
Also Read
View All