सतना

सतना वार्ड क्रमांक-32: तालाब का अतिक्रमण आज तक नहीं हटा पाया निगम अमला, सड़क-नाली की समस्या भी बरकरार

14 लाख का कर दिया टेंडर, सड़क और नाली की समस्या भी बरकरार

3 min read
Jun 16, 2018
Satna Nagar Nigam Ward No. 32 news in hindi

सतना। वार्ड क्रमांक-32 यानी डॉ. राधाकृष्णन वार्ड। अन्य वार्डों की तरह यह वार्ड भी समस्याओं से घिरा है। वार्ड क्रमांक-32 और वार्ड क्रमांक-33 के मध्य स्थित धवारी तालाब करीब 12 वर्ष से अतिक्रमण की चपेट में है। इसे अब तक कब्जा मुक्त नहीं कराया जा सका है। तालाब को संवारने के लिए नगर निगम ने करीब 14 लाख रुपए का टेंडर भी जारी कर दिया। वार्ड क्रमांक-32 की पार्षद पुष्पा रैकवार की मानें तो पहले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाना चाहिए था। ताकि निर्माण कार्य के दौरान रुकावट का सामना न करना पडे़। बहरहाल गत वर्ष एक बार तालाब के कब्जाधारियों को हटाने की कोशिश की हुई पर निगम के अतिक्रमण दस्ते को कामयाबी हासिल नहीं हुई।

नालियों के न होने का दंश
यहां के रहवासियों को पानी निकासी की समस्या से जूझना पड़ता है। इस कारण कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है। बस्ती में जो नाली बनी है वह कच्ची है। इस कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती। साथ ही कई स्पाट एेसे हैं जहां नाली के बीच खाली प्लॉट है। वहां पानी भरता रहता है। इस संदर्भ में कई बार निगम प्रशासन का दरवाजा खटखटाया गया, बावजूद नतीजा सिफर रहा।

ये भी पढ़ें

ईद मुबारक: ईदगाह पर नमाज अताकर मांगी अमन-चैन की दुआ, खूब महकी सेवइयों की खुशबू

पार्क का अभाव
6500 से ज्यादा की आबादी वाले वार्ड में एक भी पार्क नहीं है। स्थानीय लोगों की मानें तो यहां पार्क के लिए शासकीय जमीन का अभाव है। लाइबे्ररी नाम के लिए है। समय-समय पर यहां ताला लटका रहता है। इसके अलावा क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चौपट है। कहने को 8 सफाईकर्मियों की तैनाती है, लेकिन 5 से ज्यादा सफाइकर्मी कभी नहीं आते। पानी की समस्या से वार्ड निजात पा चुका है।

फैक्ट फाइल
- वार्ड क्रमांक - 32
- पार्षद - पुष्पा रैकवार
- क्षेत्र- चांदमारी रोड, धवारी
- वार्ड का नाम - डॉ. राधा कृष्णन
- जनसंख्या - 6766
- अजा जनसंख्या - 1573
- अजजा जनसंख्या - 88
- मतदाता - 4246
- पुरुष - 2221
- महिला- 2025

वार्ड में योजना के लाभार्थी
- पीएम आवास बीएलसी घटक 125 हितग्राही
- पीएम आवास एचपी घटक 15 हितग्राही
- आइएचएसडीपी योजना 33 हितग्राही
- व्यक्तिगत शौचालय 150

तालाब में बेजा कब्जा है। नगर निगम को हटवाना चाहिए। 14 लाख के काम को मंजूरी दी गई। टेंडर भी हो गया, लेकिन जब तक अतिक्रमण नहीं हटेगा, आगे का काम कैसे होगा।
पुष्पा रैकवार, पार्षद

घर के पास से निकलने वाली नाली की सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। कई बार शिकायत की गई। इसके बाद भी सफाई कर्मी नहीं सुनते हैं।
आशा चौधरी

वार्ड में पेयजल की सप्लाई ठीक हो रही है। कई जगह सड़कें टूटी है। उनका ठीक होना अतिआवश्यक है। वार्ड में कई निचली बस्तियों में सफाई भी नहीं होती है।
महेंद्र पाण्डेय

नाली के पानी की निकासी न होने के कारण लोगों को परेशानी होती है। कई बार कहा गया। कोई सुनने वाला नहीं है। इस कारण सड़कों पर पानी भरता है।
सौरभ तिवारी

नई पाइपलाइन बिछने के कारण सड़कें टूट गई हैं। उनको पुन: बनवाया नहीं गया, कई बार कहने के बाद भी आज तक कोई भी सुधार कार्य नहीं हुआ है।
अम्बुज शुक्ला

नालियों की सफाई न होने से दिक्कत बढ़ गई है। सड़क के किनारे का कचरा पड़ा रहता है। रात को इलाकों में अंधेरा होने से परेशानी होती है।
ललिता वर्मा

वार्ड में कई इलाके ऐसे हैं, जहां बरसात में पानी भरता है। इसको लेकर कई बार कहा गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। बारिश को लेकर कोई प्रबंध नहीं है।
लक्ष्मीनारायण तिवारी

पानी निकसी न होने से कई बार निगम में लिखित शिकायत की गई, लेकिन आज तक कुछ भी नहीं हुआ है। सड़कें टूटी हैं, उनको बनवाया नहीं जा रहा है।
रमेश चौबे

नालियां बजबजा रही हैं। सफाई नियमित न होने के कारण दिक्कत बढ़ गई है। कई बार सफाई को लेकर कहा गया, लेकिन समस्या का निदान नहीं हुआ है।
सुनीता तिवारी

वार्ड में कई इलाके ऐसे हैं जहां पानी भरता है। वहां नाली की आज तक सफाईनहीं हुई है। बारिश में आम जनता को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
रीना मिश्रा

ये भी पढ़ें

घर बनाना हुआ महंगा: दो माह में 20 फीसदी बढ़ गए मैटेरियल के भाव, जनता की जेब हो रही ढीली
Published on:
16 Jun 2018 03:04 pm
Also Read
View All