वार्ड-41 : सर्वाधिक राजस्व देने वाला वार्ड आज भी विकास का मोहताज
सतना . वर्ष 2016 से पुरानी आबकारी के पास वार्ड 41 में नगर निगम द्वारा पार्क का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जो अब तक पूरा नही हो सका, बल्कि ठेका कम्पनी भी अधूरे काम को करके गायब हो गई। इस संबंध में कई बार स्थानीय पार्षद नजमननिशा ने निगम में शिकायत दर्ज करवाई लेकिन न तो ठेका कम्पनी बदली न ही कोई कार्रवाई हुई। बल्कि जो भी पेवर्स और ईंट लगाए गए थे वे भी अब खराब हो रहे हैं। क्यारियों का काम हुआ था लेकिन देख रेख न होने के कारण आज पार्क में जुआरियों व शराबियों का जमघट लगता है। पार्क बदहाल स्थिति में है। वार्ड वासियों के लिए पार्क ही एक बैठने का स्थान था वह भी ठेकेदार व निगम के पचड़े में फंसा हुआ है।
विकास का दावा खोखला
ज्ञात हो कि ये वही वार्ड है जो जमकर हर वर्ष नगर निगम को राजस्व देता है। गत वर्षों में सबसे बेहतर राजस्व मिलने के उपलक्ष्य में बतौर इनाम जलावर्धन का ओवर हेड टैंक मिला था। जिसके कारण अब पानी की समस्या दूर हो सकी है, लेकिन इसके अलावा यहां विकास का दम खोखला निकला है। वार्ड की जनता की पुरानी नालियां थी वह भी जलावर्धन के काम के बाद टूट गई जिनका निर्माण न होने के कारण आम जनता को परेशानी हो रही है।
बरसात में घरों में भरेगा पानी : वार्ड की आम जनता का कहना है कि बरसात में इस बार घरों में पानी भरेगा। जलावर्धन काम के चलते सभी नालियों को भर दिया गया है जिस कारण आम जनता को दिक्कत हो रही है। सफाई करने का बाद भी समस्या हल नहीं हो रही है।
वार्ड में करोड़ों के काम किये गये हैं। अभी भी बहुत काम बाकी है। वार्ड की सुन्दर जगह पार्क को सुन्दर बनाने का काम चल रहा था जिसे ठेकेदार ने रोक दिया है जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। स्टीट लाइट का काम चल रहा है। पेयजल समस्या से जुझ रहे वार्ड की जनता अब राहत की सांस ले रही है।
नजमुननिशा, वार्ड पार्षद
नालियां टूटी पड़ी है जिस कारण नालियों की सफाई नहीं होती है। प्रकाश की व्यवस्था बंद पड़ी है। पेयलज की सुविधा ठीक चल रही है। पार्क का काम पूर्ण होना चाहिए।
मो. शकील
पार्क को पूर्ण किया जाना चाहिए। पहले पार्क में जाया जा सकता था, आज पार्क में कुछ भी नहीं है। निर्माण कार्य चल रहा था लेकिन अब रुक गया है जिस कारण आवारा तत्वों का जमावड़ा रहता है।
सुरेश गुप्ता
नालियां पूरी तरह जाम है। इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। टूटी नालियों की मरम्मत नहीं हो रही है। बरसात में परेशानी को देखते हुए अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
महेश प्रसाद
स्टीट लाइट अधिकतर जलती नहीं है। सड़कों में सफाई रात को होती है वहीं सुबह आम जनता द्वारा गंदगी फैलाई जाती है। सब्जी मंडी का कचरा नालियों मे डाला जाता है। प्रतिदिन नालियों की सफाई नहीं होती है।
शिव कुमार
पानी के अलावा कोई भी सुविधा वार्ड में नहीं है। सड़कों की सफाई नियमित नहीं होती है। निर्माण कार्य हुए हैं लेकिन सफाई कर्मचारी काम नहीं करते हैं।
राम गरीब कनौजिया
पार्क का निर्माण शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण होना चाहिए। इसके अलावा नालियों से कचरा हटना चाहिए, जगह-जगह से टूटी नालियों की मरम्मत होनी चाहिए। जिस कारण आम जनता परेशान है।
शनि बर्मन।
सड़क के किनारे खोद कर कंपनी चली गई जिस कारण दिक्ïकत होती है। नालियों की मरम्मत होना चाहिए। नालियों का पानी सड़कों पर आ रहा है।
मो. अजीज