परसमनिया रेपकांड: प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट की गई मासूम, तीन डॉक्टरों की मॉनीटरिंग में रखा पीडि़ता को
सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में दुष्कर्म की शिकार हुई चार वर्षीय बच्ची का उपचार दिल्ली के एम्स में चल रहा है, जहां उसके स्वास्थ्य में काफी सुधार आया है। गुरुवार को पीडि़त बच्ची ने अपने माता-पिता से हंसकर बातचीत की। यह जानकारी कलेक्टर मुकेश शुक्ला ने गुरुवार को बच्ची के इलाज कर रहे एम्स के चिकित्सकों से चर्चा के बाद मीडिया को दी।
ऑपरेशन टीम को लीड करने वाले डॉ. एम वाजपेयी गुरुवार की सुबह बच्ची को देखने पहुंचे। उन्होंने स्टाफ से रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली। पाया कि स्थिति बेहतर है। बता दें कि मंगलवार को सतना की दुष्कर्म पीडि़त बच्ची को गंभीर हालत में एयर एम्बुलेंस से दिल्ली के एम्स भेजा गया था, जहां आईसोलेशन वार्ड में उसका उपचार किया जा रहा था।
क्षतिग्रस्त इंटरनल पार्ट हो रहे तेजी से रिकवर
क्षतिग्रस्त इंटरनल पार्ट भी रिकवर होना शुरू हो गया है। डॉक्टर ने बच्ची से बात की, उसके बाद परिजनों को स्थिति के बारे में बताया। दोपहर 2 बजे बच्ची को ऑइसोलेशन वार्ड से प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। दोपहर बाद हाथ में सूजन आने की वजह से ड्रिप निकाल दी गई थी। सूजन कम होने पर रात को ड्रिप फिर चढ़ाई गई। बच्ची को मॉनीटर करने के लिए तीन डॉक्टर की टीम को तैनात किया गया है। टीम सीधे तौर पर डॉ. वाजपेयी को रिपोर्ट करेगी।
बच्ची को बिस्किट और दूध दिया गया
डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि बच्ची ने गुरुवार को अपने माता-पिता से हंसकर बातचीत की और डॉक्टरों की सलाह पर बच्ची को बिस्किट और दूध दिया गया। उन्होंने बताया कि पीडि़त बच्ची की हालत अब पहले से काफी बेहतर है और करीब एक सप्ताह में उसे एम्स से छुट्टी दे दी जाएगी। कलेक्टर ने बताया कि हम लोग एम्स के डॉक्टरों से लगातार संपर्क में हैं। उम्मीद है बच्ची को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
रेजिडेंट कमिश्नर पहुंचे एम्स
दिल्ली में नियुक्त मप्र के रेजिडेंट कमिश्नर आशीष श्रीवास्तव दोपहर एक बजे एम्स पहुंचे। वे डॉ. एम वाजपेयी से मिले और बच्ची के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने बच्ची के परिजनों से मुलाकात की। भरोसा दिलाया कि बच्ची की बेहतरी के लिए हर कदम उठाया जाएगा। बच्ची के स्वास्थ्य के बारे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत सतना जिले के अधिकारी व डॉक्टर लगातार जानकारी ले रहे हैं। इलाज के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चिकित्सक लौटे सतना
मासूम को एयर लिफ्टिंग कर एम्स भेजा गया था। उसकी देखरेख करने जिला अस्पताल के पीजीएमओ डॉ. संजीव प्रजापित भी दिल्ली गए थे। एयर एम्बुलेंस में जगह कम होने के कारण ट्रेन से गए थे। डॉ प्रजापति गुरुवार सुबह सतना लौट आए हैं।
आरोपी घर लटकता रहा ताला
आरोपी महेन्द्र सिंह के घर पर दूसरे दिन भी ताला लटकता रहा है। आरोपी और उसके परिवार को लेकर गांववालों में अभी भी आक्रोश है। इनका कहना रहा कि आरोपी ने पूरे देश में गांव की छवि खराब कर दी।
10 दिन की रिमांड बढ़ी
उधर, दुष्कर्म के आरोपी की दो दिन की ज्यूडिशियल रिमांड पूरी होने के बाद पुलिस ने गुरुवार को अदालत में अर्जी दाखिल की। इसके बाद आरोपी की ज्यूडिशियल रिमांड 10 दिन के लिए बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड पूरी होने पर आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। इस बीच चालान पेश करने की कार्रवाई भी पूरी कर ली जाएगी।