सतना

सतना में राजपरिवार की बहू पर 4 राउंड फायरिंग, पति ने कथित गर्लफ्रेंड से कहा- गोली मारो

Satna Royal Family Shooting Case: सतना में राजपरिवार की बहू योगिता सिंह पर चार राउंड फायरिंग की गई जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। योगिता पर हमला करने वाली महिला उनके पति की कथित गर्लफ्रेंड बताई जा रही है।

3 min read
Jun 12, 2026
Satna royal family shooting case bahu yogita singh shot during family dispute
Satna royal family shooting case: सतना राजपरिवार की बहू योगिता सिंह पर फायरिंग (फोटो सोर्स- Patrika)

Royal family daughter-in-law shot: मध्य प्रदेश के सतना जिले में राजपरिवार में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में पारिवारिक विवाद के दौरान हुई फायरिंग (Satna Royal Family shooting case) से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना में प्रतिहार राजपूत वंश के राजपरिवार की बहू योगिता सिंह (Yogita Singh) गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि योगिता पर उनके पति की कथित महिला मित्र सुनीता ने गोलियां चलाईं, जिससे वह घायल हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

महिला ने महिला पर चलाई गोलियां

नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में गुरुवार को योगिता सिंह जब प्रवेश कर रही थी, तभी उन पर फायरिंग हुई है। योगिता सिंह नागौद के विधायक नागेंद्र सिंह (MLA Nagendra Singh) के भतीजे एवं राजपरिवार के सदस्य रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा (Baba Raja) की पत्नी हैं।

बताया गया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में योगिता सिंह अपने भाइयों और अन्य परिजनों के साथ दो दिन पहले परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जा रहा है कि रूपेंद्र सिंह की कथित महिला मित्र बताई जा रही सुनीता सिंह परिहार ने लाइसेंसी बंदूक से कई राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली योगिता सिंह के पेट में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद गढ़ी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में योगिता को पहले सतना में प्राथमिक उपचार दिया गया, गंभीर हालत होने पर रीवा स्थित विंध्या मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

सतना राजपरिवार की बहू योगिता सिंह पर फायरिंग (फोटो सोर्स- Patrika)

योगिता की मां ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता योगिता सिंह की मां नरेंद्र कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को गोली लगने की घटना में केवल सुनीता सिंह को आरोपी बनाया गया है, जबकि रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने दावा किया कि विवाद के दौरान उनकी बेटी को पहले धक्का दिया गया और बाद में जान बचाने के प्रयास के दौरान खिड़की से गोली मारी गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम और आरोपों की जांच में जुटी है। मां ने आरोप लगाया कि उनके दामाद की कथित महिला मित्र सुनीता सिंह परिहार काफी समय से उनके घर पर रह रही है। मां ने बताया कि इससे पहले भी उनकी बेटी को मारने की कोशिश की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि योगिता को कमरे में बंद कर दिया गया था और इसके बाद बाहर से सुनीता को खिड़की से उनके दामाद ने गोली चलाने को कहा था। पीड़िता की मां ने यह भी बताया की उनकी बेटी पर चार राउंड फायरिंग की गई थी।

महिला गिरफ्तार, पुलिस जांच शुरू

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी सुनीता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। चिकित्सकों ने योगिता सिंह का ऑपरेशन किया है और अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। एसडीओपी रघु केसरी ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Updated on:
12 Jun 2026 05:21 pm
Published on:
12 Jun 2026 04:30 pm