जीआरपी-आरपीएफ की गिरफ्त में आईं चार महिलाएं, जीआरपी व आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई, रेलवे स्टेशन से रंगे हाथ पकड़ी गई महिलाएं
सतना। ट्रेन में सवार होने वाली महिलाओं के पर्स और गहने चोरी करने वाला एक गिरोह रेल पुलिस की गिरफ्त में आया है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ी गईं महिला चोर दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही हैं। इन महिला चोरों ने अपने परिवार के साथ रीवा रेलवे स्टेशन के पास डेरा जमाया है। वहां से आकर घटना करने के बाद चोर गिरोह वापस लौट जाता था। शुक्रवार को कार्रवाई के बाद आरोपी महिलाओं को अदालत में पेश कर दिया गया।
जानकारी मिली है, जीआरपी और आरपीएफ स्टाफ रेलवे स्टेशन सतना पर जांच कर रहा था। तभी गुरुवार को ट्रेन जनता एक्सप्रेस के महिला कोच से एक महिला चोर-चोरी की आवाज लगाते दिखाई पड़ी। सतर्क होकर पुलिस ने मामले को समझा और घेराबंदी करते हुए चार संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्त में लिया।
सोने के दो लॉकेट, पायल, 940 रुपए नकदी बरामद
महिला यात्री उमा सिंह पत्नी लवकेश सिंह (40) निवासी सेमरिया जिला रीवा ने पुलिस को बताया कि उनके हैंडबैग से छोटा पर्स चोरी हुआ है। पकड़ी गई महिलाओं की तलाशी ली गई तो इनके पास चोरी किया हुआ पर्स मिला। पर्स में सोने के दो लॉकेट, पायल, 940 रुपए नकदी बरामद किया गया।
चल रही सघन जांच
एडीजी रेल जीपी सिंह, एसपी रेल आरएस डेहरिया व आइजी रेल सुरक्षा बल आरके मलिक के निर्देशन में जीआरपी व आरपीएफ सघन जांच कर रही है। जीआरपी चौकी प्रभारी संतोष तिवारी व आरपीएफ पोस्ट निरीक्षक मान सिंह के नेतृत्व में रेल पुलिस को यह कामयाबी मिली है।
इनकी रही अहम भूमिका
चोर गिरोह को पकडऩे में जीआरपी से एएसआई सुरेश उपाध्याय, आरक्षक दयाचंद तिवारी, मनीष पाण्डेय, महिला आरक्षक अनीता, लक्ष्मी व रेल सुरक्षा बल से एएसआई सुनील सिंह बघेल, आरक्षक अजीत सिंह, प्रमोद मिश्रा की अहम भूमिका रही।
ये महिलाएं पकड़ी गईं
चोर गिरोह की महिलाओं में वंदना गौड़ पत्नी विराज गौड़ (38), रेश्मा पत्नी शेर सिंह (32) मोनिका पुत्र कमल गौड़ (26), चंदा गौड़ पुत्री अशोक गौड़ (19) सभी सादिकपुर डिपो दिल्ली की रहने वाली हैं। इनके खिलाफ आइपीसी की धारा 380 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।