
सतना। जैवविविधता के क्षेत्र में दिए जाने वाले देश के सर्वोच्च पुरस्कार 'इंडिया बायोडायवर्सिटी अवार्ड-2018 ' के लिए सतना जिले की क्रियाशील संस्था जैव विविधता प्रबंधन समिति पिथौराबाद का चयन हुआ। 22 मई को हैदराबाद स्थित प्रो. जयशंकर तेलंगाना स्टेट एग्रीकल्चर युनिवर्सिटी में समिति के अध्यक्ष बाबूलाल दाहिया को यह पुरस्कार दिया गया है। दाहिया को यह अवार्ड 125 से अधिक परम्परागत धान की किस्में, एक दर्जन से अधिक देशी गेंहू एवं अनेक प्रकार की जड़ी बूटियों, पेड़-पौधे वनस्पतियों व सब्जियों की प्रजातियों के संरक्षण संवर्धन के लिए दिया गया। समारोह में कुछ ऐसी भी बातें निकलकर सामने आई जो ज्यादातर लोग नहीं जानते है। जैसे बरगद, पीपल, ऊमर के वृक्ष रोजाना फल देते है। रोज पकते है। क्यों चिडिय़ों का ज्यादातर यहीं बसेरा होता है।
क्या है बायोडायवर्सिटी
बैक्टीरिया से लेकर हाथी तक, उडऩे वाले पक्षी, जलजंतु और पेड़ पौधे बनष्प्टिया यानी जितने भी जीव धारी है। वह सभी बायोडायवर्सिटी के घटक है। इनमे कुछ एक दूसरे के पूरक है तो कुछ नियंत्रक भी। और यह सभी जंतु प्राकृतिक ढंग से रह पाए यही जैव विविधता संरक्षण है। यह एक दूसरे से इस प्रकार जुड़े है कि यदि इनमे एक कड़ी भी अलग हुई तो प्रकृति का संतुलन प्रभावित हुए बिना नही रहेगा। उदाहरण के लिए यदि चिडिय़ा न हो तो बरगद पीपल ऊमर भी समाप्त हो जाएंगे। क्योंकि उनके पेड़ के नीचे करोड़ों बीज बिछे रहते है पर एक भी अंकुरित नहीं होता। पीपल बरगद और ऊमर का बीज तभी जमता है जब पहले चिडिय़ा फलयुक्त बीज को खाती है और उनके आहार नली की हल्की-हल्की आंच में उसकी बेदरिग हो जाती है। वह किसी पेड़ के कोटर कुए की जगत, घर के मुडेर में बीट करती है। पर अगर यह तीनों पेड़ न हो तो चिडिय़ा भी भूख में मर जाएगी। क्योंकि बाकी पेड़ तो मौसम-मौसम में फल देते है। पर बरगद, पीपल, ऊमर ही ऐसे वृक्ष है जिनमे रोज फल आते है और रोज पकते है। इसलिए पर्यावरण की समझ और संरक्षण दोनों जरूरी है।
कौन हैं बाबूलाल दाहिया
उचेहरा विकासखंड के पिथौराबाद गांव के बाबूलाल दाहिया बघेली बोली के एक जाने-माने साहित्यकार थे। बीते 10-12 सालों से देशी बीजों के संग्रहण और संवर्धन-संरक्षण में जुटे हुए हैं। उन्होंने गांव में अपनी 10 एकड़ की जमीन में से 2 एकड़ का खेत देशी धान की प्रजातियों के प्रयोग के लिए रखा हुआ है। वे अब तक सवा सौ धान की प्रजातियां चिन्हित कर उनके संवर्धन की दिशा में काम कर चुके हैं। इसके लिए उन्होंने अपने आस-पास के सीधी, शहडोल, सतना और रीवा जिले के गांव-गांव जाकर तेजी से विलुप्तता की कगार पर जा रही धान, गेंहू, औषधीय पौधों की अलग-अलग किस्मों के बीज सहेजे और उनकी खुद खेती कर उनके गुणधर्म को पहचाना।
विलुप्त खेती को दे रहे बढ़ावा
इस तरह आज उनके संरक्षण में पिथौराबाद जैव विविधता प्रबंधन समिति के पास न सिर्फ कोदो, कुटकी, सामा, काकुन, ज्वार, मक्का आदि की अनेक प्रजातियां है ही बल्कि 125 प्रकार की परंपरागत देशी धान किस्मे, 12 प्रकार के देशी गेंहू, अनेक देशी सब्जियों के बीज तथा सैकड़ों प्रजाति के पेड़-पौधे वनस्पतिया भी संरक्षित है। जिन्हें जैव विविधता प्रबंधन समिति छोटे-छोटे भू-खंडों में उगवाने का काम करती है। साथ ही गाव के किसान यदि किसी अनाज को ज्यादा मात्रा में उगाते है तो उस अनाज और सब्जी बीज को अच्छे मूल्य में बिकवाने का काम भी करती है। उनके खेत को देखने दूर-दूर से किसान तथा किसानों के लिए काम करने वाली संस्थाओं के कार्यकर्ता उनके खेत पर किसी तीर्थ की तरह अवलोकन तथा अध्ययन करने आते रहते हैं। इसके अलावा 6 एकड़ जमीन में वे जैविक खेती करते हैं।
बिना खाद के होती है खेती
इसमें देशी बीजों का इस्तेमाल करने के साथ ही बिना किसी रासायनिक खादों और कीटनाशक दवाओं के इस्तेमाल किए हुए वे बेहतर उत्पादन कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने आस-पास उचेहरा विकासखंड के करीब 30 गांवों के किसानों को भी अपने खेतों में धान और कोदो, कुटकी, ज्वार, बाजरा आदि मोटे अनाज की खेती के लिये प्रेरित कर उन्हें हरसंभव मदद करते हैं इससे क्षेत्र में जैविक खेती का अच्छा वातावरण बन गया है। दाहिया इस क्षेत्र के पहले ऐसे किसान हैं, जिन्होंने जैविक खेती को अपने खेतों में कर दिखाया और उनकी प्रेरणा से अब कई किसान सामने आ पाए हैं।