सतना

दाल कारोबारी को गोली मारकर लूटने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार

बांधवगढ़ कॉलोनी लूटकांड का खुलासा, आरोपियों से कट्टा, बाइक, दस्तावेज सहित नकदी बरामद
3 min read
• •
Updated: 6 Feb 2020, 11:24 AM IST
Three miscreants who shot pulses businessman arrested
Three miscreants who shot pulses businessman arrested

सतना. बांधवगढ़ कॉलोनी में दाल कारोबारी को गोली मारकर लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त कट्टा, मोटर साइकिल, दस्तावेज सहित नकदी बरामद कर ली गई है। पुलिस को अब आरोपियों के दो अन्य साथियों की तलाश है।

लूटकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 30 जनवरी की रात करीब 9.50 बजे बांधवगढ़ कालोनी में शिवमंदिर के पास दाल कारोबारी लालचंद्र लालवानी (48) निवासी अयप्पा मंदिर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी और बैग-मोबाइल लेकर भाग गए। पॉश कॉलोनी में सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही शहर सहित देहात के सभी थानों में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस थाना कोलगवां में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ भादवि की धारा 394, 307, 120 बी, 25/27 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी कैमरों से मिला सुराग
पुलिस ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई थी। टीम बदमाशों को दबोचने सरगर्मी से जुटी थी पर सफलता नहीं मिली। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पीडि़त का जो मोबाइल लूटा गया था उस पर फोकस किया गया। जांच टीम को पीडि़त के मोबाइल की अंतिम लोकेशन विराट नगर पतेरी मिली। इसके बाद पतेरी, विराट नगर सहित आसपास के अपराधियों, बदमाशों की विशेष निगरानी की गई। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तभी टीम को सीसीटीवी फु टेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखे। उनकी पहचान कर निगरानी की गई। वारदात में शामिल होने की आशंका पर तीन बदमाश शुभम उर्फ आसु शर्मा (24) पिता राजेश शर्मा निवासी आकाश गंगा नगर पतेरी, सुनील शर्मा (32) पिता मोतीलाल शर्मा निवासी चौहान नगर पतेरी, मंजू लाल बलेचा (39) पिता मुन्ना लाल बलेचा निवासी सिंधी कैंप थाना कोलगवां को दबोचा। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पहले तो वे टालते रहे पर जब पुलिस ने सख्ती बरती तो तीनों टूट गए और सच्चाई उगल दी। वारदात में पांच लोगों का होना भी बताया।

वारदात की ऐसे रची थी साजिश

आरोपियों ने बताया कि, पांचों साथियों ने मिलकर साजिश रची थी कि किसी बड़े व्यापारी को लूटना है। जरूरत पडऩे पर हत्या भी कर देंगे। आरोपियों ने व्यापारी मंजूलाल बलेचा को ही पैसे वाले व्यापारी को चिह्नित करने का जिम्मा सौंपा। मंजूलाल ने दाल के थोक व्यापारी लालचंद्र लालवानी को चिह्नित कर जानकारी दी। आरोपियों ने व्यापारी की रैकी करने का जिम्मा शुभम उर्फ आसू शर्मा को दिया। रैकी के बाद वारदात का समय और स्थान तय किया गया। सुनील शर्मा, सोनू उर्फ चंद्रमणि शर्मा और शिवम शर्मा ने पीछा करते हुए सुनसान स्थान बांधवगढ़ कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास व्यापारी को रोका और गोली मार दी। व्यापारी से नकदी सहित मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।

पहले भी कर चुके दो वारदात
आरोपियों ने स्वीकारा कि वे पहले भी शहर में लूट की दो वारदात कर चुके हैं। जीवन ज्योति कॉलोनी निवासी प्रदीप घोघवानी से 20 अक्टूबर 16 को डेढ़ लाख नकद सहित स्कूटर लूट लिया था। फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी सरिया व्यापारी कैलाश बठीजा के कर्मचारी राजकुमार सिंह पटेल से 27 सितंबर को 5 लाख 49 हजार रुपए लूटे थे।

यह सामग्री बरामद

तीनों आरोपियों के पास से 315 बोर का देसी कट्टा, एक नग कारतूस, पावर बैंक, दो मोबाइल, कैलकुलेटर, मोटर साइकिल क्रमांक एमपी 19 एमए 3412, लूटे गए दस्तावेज, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, पैन कार्ड, सात हिसाब की डायरियां, पीले रंग का थैला, काले रंग का बैग सहित नकदी रकम 4500 रुपए बरामद की गई है।

ये अभी भी फरार
दो आरोपी सोनू उर्फ चंद्रमणि शर्मा पिता रामप्रकाश शर्मा निवासी पतेरी थाना सिविल लाइन और शिवम शर्मा पिता दीपक शर्मा निवासी पतेरी थाना सिविल लाईन फरार हैं। पुलिस दोनों बदमाशों को दबोचने तलाश में जुटी है।

Published on: