जिले में गुरुवार से छाए बादल शुक्रवार की सुबह बरस पड़े। तड़के से जिलेभर में शुरू हुई रिमझिम बारिश का दौर सुबह 9 बजे तक जारी रहा
सतना/ जिले में गुरुवार से छाए बादल शुक्रवार की सुबह बरस पड़े। तड़के से जिलेभर में शुरू हुई रिमझिम बारिश का दौर सुबह 9 बजे तक जारी रहा। इस दौरान शहर में 2.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। बिन मौसम रिमझिम बारिश से मौसम में गलन बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को मौसम खुलने से दिन में धूप निखरेगी। इससे अधिकतम तापमान बढ़ेगा पर न्यूनतम तापमान में गिरावट से रात में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.1 तथा न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
असर...गेहूं को फायदा, दलहनी फसलों को नुकसान
बिन मौसम हो रही बारिश से गेहूं की फसल को लाभ हुआ है पर दलहनी फसलों पर संकट के बादल छाने लगे हैं। खेतों में नमी अधिक होने एवं धूप न निकलने के कारण चना एवं मसूर की फसल को नुकसान हो रहा है। चना के पौधों में वृद्धि अधिक होने से फसल जमीन पर बिछने लगी है। इससे चना की फसल अफलन का शिकार हो सकती है। लगातार आसमान पर बादल छाने से रबी की फसलों में कीटों ने हमला बोल दिया है। चना एवं मसूर की फसल में जोरई का प्रकोप बढ़ गया है।