कोलगवां इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर की घटना, नकदी समेत, ट्रैक्टर के पार्ट्स ले गए चोर
सतना. कोलगवां थाना इलाके के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक ट्रैक्टर एजेंसी की जाली काटकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात हुई इस वारदात का पता चलने के बाद एजेंसी संचालक ने पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना के बाद ट्रांसपोर्ट नगर से कारोबारियों में दहशत का महौल है।
इस मामले में ट्रैक्टर एजेंसी संचालक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि चोरों ने कमरे की खिड़की को कटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। परिसर में खड़े ट्रैक्टर से बैट्री निकाली गईं और अंदर रखी अलमारी का लॉक तोड़कर कीमती सामान चोरी किया गया है। मंगलवार की सुबह जब एेजेंसी पहुंचे तो बिखरा पड़ा सामान देख घटना का पता चल सका। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
यह सामान गया चोरी
फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके यहां से परिवहन विभाग से जारी 9 वाहनों के पंजीयन कार्ड, एक मोबाइल फोन, एक टैब, ट्रैक्टर से चार नई बैट्री, चेक बुक, टूल किट नट बोल्ट से भरी दो बोरी, कैश काउंटर से 35 सौ रुपए नकद, ट्रैक्टर की ५० से ज्यादा चाबी, इंजन ऑयल की 10 बाल्टी, एक सीलिंग फैन चोरी हुआ है।