सतना

एमपी में कांग्रेसियों के प्रदर्शन में आग से झुलस गए थाना प्रभारी, मचा हड़कंप

Kailash Vijayvargiya Statement: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान के विरोध में हुए प्रदर्शन में ट्रैफिक थाना प्रभारी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
2 min read
Feb 21, 2026
Traffic TI got burned during congress effigy burning maihar kailash vijayvargiya statement mp news
Traffic TI got burned during congress effigy burning protest (Patrika.com)

MP News:मैहर में शुक्रवार सुबह कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान अप्रत्याशित हादसा हो गया। पुतला दहन के दौरान ट्रैफिक थाना प्रभारी (टीआई) विक्रम पाठक आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना सुबह करीब 9.30 बजे अलाउद्दीन तिराहे पर हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित थे और पुलिस व्यवस्था संभालने में जुटी थी। कांग्रेस का प्रदर्शन प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ आयोजित किया गया था।

मंत्री कैलाश के असंसदीय टिप्पणी के खिलाफ था प्रदर्शन

गुरुवार को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिघार के विरुद्ध असंसदीय टिप्पणी (Kailash Vijayvargiya Statement) कर दी थी। जिसके विरोध में कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया था। मैहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में प्रदर्शन सहित पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम की पूर्व सूचना एसडीएम मैहर और थाना प्रभारी को दी गई थी। तय समयानुसार सुबह 9 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता अलाउद्दीन तिराहे पर जुटे।

स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन शुरू किया, पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान टीआई विक्रम पाठक प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और पुतला छीनने की कोशिश की। छीना झपटी के दौरान अचानक उनके कपड़ों में आग लग गई। आग लगते ही टीआई पाठक घबराकर दूसरी ओर भागे, जिससे आग और फैल गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाई और उन्हें गंभीर अवस्था में मैहर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

काफी झुलस गए टीआई

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार टीआई पाठक की कमर, पीठ, जांघ और हाथ बुरी तरह झुलस गए हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों ने बताया कि आवश्यकता पडने पर उन्हें जिला अस्पताल या जबलपुर रेफर किया जा सकता है। घटना के बाद पाठक को देखने कलेक्टर रानी बाटड और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह अस्पताल पहुंचे और पाठक का कुशलक्षेम जाना। कलेक्टर ने चिकित्सकों को उचित उपचार के निर्देश दिए।

पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

घटना के बाद मैहर थाना पुलिस ने ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रमेश प्रजापति, पंकज कुशवाहा, शारदा पटेल, गोलू त्रिपाठी सहित 10 अन्य लोगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 125 व 191(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। (MP News)

Updated on:
21 Feb 2026 12:16 am
Published on:
21 Feb 2026 12:16 am