29 जनवरी को होगा नगर निगम सतना के वार्डों का आरक्षण
सतना. नगर निगम सतना, नगर पंचायत चित्रकूट और नगर परिषद न्यू रामनगर के वार्डों की आरक्षण प्रक्रिया अब 29 जनवरी को संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में सुबह 11 बजे से होगी। पहले यह आरक्षण 23 जनवरी को होना था लेकिन नगरीय प्रशासन विभाग ने अपरिहार्य कारणों से आरक्षण की तारीख बड़ा दी है। इस संबंध में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मप्र ने आदेश भी जारी कर दिए हैं।
नगरीय निकायों में अनुसूचित जाति, जनजाति के वार्डों का आरक्षण जनसंख्या के आधार पर तथा अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए वार्डों का आरक्षण चक्रानुक्रम रीति से लॉटरी निकालकर किया किया जाएगा। सतना नगर निगम के वार्डों के आरक्षण की बात करें तो 2020 में भी वर्ष 2014 के अनुसार कुल 45 वार्डों में से 23 वार्ड विभिन्न वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। यानी, आधी से एक सीट अधिक पर सिर्फ मातृशक्ति ही चुनाव लड़ पाएगी। पुरुष सिर्फ २२ वार्डों में अपनी शक्ति दिखा पाएंगे। नगर निगम सतना में अनुसूचित जनजाति के लिए 2, अनुसूचित जाति के लिए 6 तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए कुल 11 सीटें आरक्षित की गई हैं। 26 सीटें सामान्य रहंेगी, इनमें से 13 वार्ड सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किए गए हैं।
यूं बदलेगी वार्डों की स्थिति
अनुसूचित जाति एवं जनजाति के वार्ड एक-दूसरे में परिवर्तित हो सकते हैं लेकिन इनके सामान्य एवं पिछड़ा होने की संभावना बहुत कम है, क्योंकि अनुसूचित जाति-जनजाति के वार्डों का आरक्षण जनसंख्या के अनुसार किया जाएगा। विगत परिषद में सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित वार्डों में परिवर्तन होगा। जो वार्ड पिछड़ा थे, वे सामान्य होंगे और जो सामान्य थे, उनमें 11 वार्ड पिछड़ा वर्ग के खाते में जा सकते हैं। इसी प्रकार शहर के जो वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित थे, वे इस चुनाव में सामान्य होंगे और जो सामान्य थे, वे महिला प्रत्याशियों के लिए आरक्षित किए जाएंगे।
सामान्य वर्ग के 11 पार्षद अपने वार्ड से नहीं लड़ पाएंगे चुनाव
वर्तमान निगम परिषद के एेसे पार्षद जो इस वर्ष भी भाग्य आजमाना चाहते हैं उनमें सामान्य वर्ग के 11 पार्षद अपने वार्ड से चुनाव नहीं पड़ पाएंगे। उन्हें चुनाव लडऩे के लिए दूसरे वार्डों में जाना होगा। कारण, निकाय चुनाव 2014 में सामान्य रहे 11 वार्ड इस वर्ष ओबीसी खाते में चले जाएंगे। वहीं शहर के एेसे सामान्य वार्ड के प्रत्याशी जो वार्ड पिछड़ा होने के कारण अपने वार्ड से चुनाव नहीं पड़ पाए थे, इस वर्ष वार्ड सामान्य होने से उन्हें मौका मिल सकता है।
8 निकायों में वार्ड आरक्षण आज
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका मैहर, नगरपरिषद बिरसिंहपुर, कोठी, जैतवारा, नागौद, उचेहरा, रामपुर बाघेलान, और अमरपाटन के वार्डों का आरक्षण गुरुवार 23 जनवरी को किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में सुबह 11 बजे से वार्डों का आरक्षण होगा। संबंधित नगरीय निकाय क्षेत्र के जनसामान्य आरक्षण की प्रक्रिया के समय निर्धारित तिथि और स्थान पर उपस्थित रह सकते हैं।
2020 में वार्ड आरक्षण की स्थिति
वार्ड 45
सामान्य 26
सामान्य महिला 13
अन्य पिछड़ा वर्ग 11
पिछड़ा वर्ग महिला 06
अनुसूचित जाति 06
अनुसूचित जाति महिला 03
अनुसूचित जनजाति 02
अनुसूचित जनजाति महिला 01
2014 में यह थी आरक्षण की स्थिति
अनुसूचित जनजाति के लिए वार्ड क्रमांक 12, 30
अनुसूचित जनजाति महिला के लिए वार्ड 30
अनुसूचित जाति के लिए वार्ड क्रमांक 01, 16,19, 27, 39 ,43
अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड 1, 27 ,43
अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए वार्ड 06,09, 13, 20, 24, 28, 31, 32, 36,38 , 44
अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लि वार्ड 06 ,13, 20,32, 36, 43,
अनारक्षित वार्ड 02, 03,04, 05, 07, 08, 10, 11, 14,15, 17, 18, 21, 22,23, 25,26, 29, 33, 34, 35, 37, 40, 41, 42, 45
महिला आरक्षण वार्ड 03, 04, 07, 08,14, 15, 26 ,33, 34 ,35, 40,41, 45