सतना

युवक पर हमला कर तोड़ी बाइक

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना
less than 1 minute read
Oct 29, 2019
Youth attacked and broke bike
Youth attacked and broke bike

सतना. सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवक पर हमला करते हुए उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सोमवार की शाम हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला कायम कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस मामले में भरजुना निवासी ब्रिजेन्द्र कुमार सेन पुत्र राम दुलारे सेन (30) ने पुलिस को बताया कि वह रावेन्द्र सेन के साथ मोटर साइकिल एमपी 19 एमडी 3929 में सवार होकर पतेरी में रहने वाले जगदीश सेन के यहां निमंत्रण में गया था। वापस लौटते समय सुमित बाजार के सामने अभिषेक सेन की हेयर कटिंग दुकान पर रुक गया। तभी शाम करीब 5 बजे पिंटू सेन अपने एक साथी के साथ बाइक से आया और भाई की शादी टूट जाने का आरोप लगाते हुए गाली देने लगा। मना करने पर उसने मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव में आए रावेन्द्र सेन के साथ भी मारपीट किया। इस दौरान पास में पड़े बांस के डंडे से आरोपी ने हमला करते हुए बाइक में तोडफ़ोड़ कर दी। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आइपीसी की धारा 294, 323, 427, 506 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।