
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में 6 जून को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का दौरा प्रस्तावित होने से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसके चलते पार्टी कार्यकर्ताओं तथा प्रशासन द्वारा जोर शोर से तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री यहां मंगलवार को हेलिकॉप्टर से पहुंचेगी। मेला मैदान में हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। सोमवार को तहसील प्रशासन तथा ग्राम पंचायत प्रशासन ने पुलिस जाप्ते के साथ चौथ माता मार्ग पर पहुंच कर अतिक्रमण हटाया। वहीं पंचायत द्वारा सफाई कार्य भी तेजी से चल रहा है।
बिजली का तार टूटकर गिरा, करंट से भैंस की मौत
सवाईमाधोपुर. खंडार क्षेत्र के पादड़ा बारदार गांव में सोमवार को बिजली का तार टूटकर गिर गया, इसकी चपेट में आने से करंट से एक भैंस की मौत हो गई।
पीडि़त प्रहलाद गुर्जर है। उसकी भैंस दोपहर में सियाराम गुर्जर के खेत पर चर रही थी। इस दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर जमीन पर गिर गया। इससे बिजली के तारों की चपेट में आने से उसकी भैंस की मौत हो गई। इसके बाद प्रहलाद ने निगम अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर बिजली निगम कर्मचारी लाइमैन रामसहाय मीना मौके पर पहुंचे और बिजली बंद करवाकर तारों को हटाया। मृत भैंस को खंडार पशु चिकित्सालय लेकर आए, जहां डॉ. बालाराम ने भैंस का पोस्टमार्टम किया। इसकी पीडि़त ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है और उचित मुआवजे की मांग की है।
किसान अपने उत्पादों की शहर में नहीं करेंगे आपूर्ति कर्ज माफी व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की कर रहे है मांग
सवाईमाधोपुर. कर्ज माफी व स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की मांग को लेकर किसान एक जून से दस जून तक आंदोलनरत हैं। इसके तहत अखिल भारतीय स्तर पर गांव बंद आंदोलन किया जा रहा है। इसके तहत एक से दस जून तक 130 किसान संगठनों की सर्वसम्मति से किसानों ने दूध, दही आदि उत्पादों की आपूर्ति शहरी क्षेत्र में नहीं करने का निर्णय किया है। किसान सभा जिला मंत्री कालूराम ने बताया कि किसान लम्बे समय से सरकार से कर्ज माफी की मांग कर रहे हैं।