सवाई माधोपुर

वाह रे पुलिस… राजस्थान के शख्स का MP में करा दिया अंतिम संस्कार, अब परिजनों ने उठाई ये मांग

सड़क दुर्घटना में घायल हुए बौंली थाना क्षेत्र के कराड़ी गांव निवासी रामलाल गुर्जर की जयपुर एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

less than 1 minute read

भाड़ौती, सवाईमाधोपुर। कस्बे के समीप बनास पुलिया के नीचे नवीन बालाजी मंदिर परिसर में मंगलवार को रामलाल गुर्जर की मौत को लेकर गुर्जर समाज के लोगों ने महापंचायत आयोजित की। इस दौरान विभिन्न मांगों को लेकर मलारना डूंगर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।

गौरतलब है कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भगवतगढ़ पुलिया के पास 26 मई को सड़क दुर्घटना में घायल हुए बौंली थाना क्षेत्र के कराड़ी गांव निवासी रामलाल गुर्जर की जयपुर एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस दौरान सूरवाल थाना पुलिस ने लापरवाही और गफलत पूर्वक रामलाल गुर्जर के शव की शिनाख्त एमपी के सुरेंद्र शर्मा के रूप में कर शव उनके परिजनों को शव सौंप दिया था। सुरेंद्र शर्मा समझकर रामलाल गुर्जर का मध्यप्रदेश में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मामले का खुलासा हुआ तो रामलाल गुर्जर के परिजनों ने सूरवाल थाना पहुंचकर प्रदर्शन भी किया गया। मगर अब रामलाल गुर्जर की मौत पर पुलिस की लापरवाही को लेकर गुर्जर समाज के लोगों की बनास नदी स्थित नवनिर्मित मंदिर पर महापंचायत हुई। इसमें बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग इकट्ठा हुए।

इस दौरान गुर्जर समाज के लोगों ने मौके पर उपस्थित मलारना डूंगर एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई को ज्ञापन सौंपकर मृतक परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और एक व्यक्ति को संविदा पर नौकरी व लापरवाह सूरवाल थाना अधिकारी सहित पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। साथ ही मामले की उच्चाधिकारियों से पुन: जांच करवाकर घटना का वास्तविक पता लगाकर समाज के सामने रिपोर्ट पेश करने को कहा। इस दौरान बौंली डीएसपी अंगद शर्मा, सवाईमाधोपुर सीओ हेमेंद्र शर्मा सहित पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता मौजूद रहा।

Published on:
26 Jun 2024 08:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर