मंडी में किसानों ने फिर किया हंगामा,पुलिस की समझाइश पर हुआ मामला शांत
सवाईमाधोपुर. कृषि उपज मंडी परिसर में किसानों की समस्याएं हल होने का नाम नहीं ले रही है। कृषि उपज मंडी में उड़द आदि जिंसों को बेचने आने वाले किसानों को प्रतिदिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे किसानों में रोष है। मंगलवार को भी तुलाई कार्य में नंबर नहीं आने और अव्यवस्थाओं के चलते किसानों ने मंडी परिसर में जमकर हंगामा किया और मण्डी रोड पर जाम लगा दिया।
किसानों का कहना है कि मंडी प्रशासन व क्रय विक्रय सहकारी समिति के अधिकारी के कार्य में पक्षपात कर रहे हैं। वह केवल अपने चहेतों के ही माल की तुलाई करवा रहे हैं। ऐसे में दूर दराज से आने वाले किसानों के माल की तुलाई नहीं हो पा रही है जबकि किसान करीब चार-पांच दिनों से मंडी परिसर में माल लेकर डेरा जमाए हुए हैं।
माल रखने को लेकर विवाद : सहकारी समिति के अधिकारियों ने बताया कि सुबह मण्डी परिसर स्थित बालाजी मंदिर के सामने किसी किसान ने माल रख दिया था। बालाजी पर भागवत कथा शुरू होने वाली है। ऐसे में कार्यक्रम आयोजकों ने माल को हटाने के लिए कहा। इसके बाद बारिश आ गई। बारिश के बाद अचानक ही तुलाई कार्य बंद कर दिया गया। इससे किसानों को परेशानी हुई।
पूर्व में बंद हो गया था तुलाई कार्य
गौरतलब है कि मण्डी में पूर्व में बारदाना खत्म होने के कारण भी तुलाई कार्य ठप रहा था। ऐसे में किसानों को परेशानी उठानी पड़ी थी। कई दिनों तक तुलाई कार्य बंद रहने के कारण अब मण्डी में जिसों की आवक बहुत अधिक बढ़ गई है। इससे अब भी तुलाई कार्य में कई किसानों का नम्बर ही नहीं आ पा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से समझाइश की। उन्होंने किसानों से सड़क से हटने व जाम खोलने व वार्ता कर मामले को सुलझाने को कहा। इसके बाद किसान मान गए और जाम खोल दिया।
सुबह मण्डी में बालाजी के सामने से माल को हटाने के मामले में विवाद हुआ। पल्लेदारों ने तुलाई का कार्य बंद कर दिया। इस पर किसानों ने जाम लगा दिया। बाद में समझाइश पर जाम खुलवा दिया गया। बुधवार से तुलाई कार्य सुचारू हो जाएगा।
नरेश साहू, अध्यक्ष, क्रय विक्रय सहकारी समिति, सवाईमाधोनपुर।