
Gangapur City Bus Stand: फोटो- एआई
गंगापुरसिटी। सवाई माधोपुर जिले के गंगापुरसिटी में रोडवेज बस स्टैंड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। दौलतपुर रोड पर प्रस्तावित बस स्टैंड के लिए राज्य सरकार ने एक करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। करीब दो साल पहले भूमि आवंटन होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए कार्यादेश भी जारी कर दिए गए हैं। नवरात्र के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाने की तैयारी है। नया बस स्टैंड शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही गंगापुरसिटी और बामनवास क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिल सकेगी।
गंगापुरसिटी में रोडवेज बस स्टैंड और कार्यशाला के लिए वर्ष 2024 में दौलतपुर रोड पर जमीन आवंटित की गई थी। तत्कालीन जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी ने राज्य सरकार की सहमति के बाद भूमि आवंटन की स्वीकृति जारी की थी। हालांकि, इसके बाद भी निर्माण शुरू नहीं हो पाया। अब सरकार से एक करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत होने के बाद परियोजना आगे बढ़ने की उम्मीद है। रोडवेज प्रशासन करीब एक दशक से बस स्टैंड के लिए जमीन आवंटित कराने के प्रयास कर रहा था। पहले डिबस्या रोड पर भूमि आवंटन का प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन राज्य सरकार ने कीमत जमा कराने की शर्त रखी। रोडवेज प्रबंधन ने राशि जमा कराने में असमर्थता जताई तो दौलतपुर रोड पर निशुल्क भूमि आवंटित की गई।
फिलहाल गंगापुरसिटी में कचहरी रोड पर करीब ढाई दशक से किराए की जमीन पर रोडवेज बस स्टैंड संचालित हो रहा है। सीमित सुविधाओं के कारण यात्रियों के साथ बस चालकों और परिचालकों को भी परेशानी होती है। रात आठ बजे के बाद बस सेवा उपलब्ध नहीं होने से यात्रियों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नए बस स्टैंड से सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।
दौलतपुर रोड पर राजकीय अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय के पास बस स्टैंड और कार्यालय के लिए 1.30 हेक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। वहीं, रोडवेज कार्यशाला के लिए पास में 0.80 हेक्टेयर जमीन दी गई है। फिलहाल स्वीकृत राशि से भवन निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद चारदीवारी और फर्श के निर्माण के लिए अलग से स्वीकृति जारी होने की संभावना है।
दौलतपुर रोड पर बस स्टैंड बनने से इस मार्ग पर यातायात और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। यहां से जयपुर, सवाई माधोपुर, हिण्डौन-करौली और बामनवास के लिए बस सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ दिल्ली, आगरा, भरतपुर और टोंक जैसे दूरस्थ मार्गों पर भी बस संचालन की संभावनाएं हैं। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। कृषि विपणन बोर्ड को निर्माण की कार्यकारी एजेंसी बनाया गया है।
'रोडवेज बस स्टैंड निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। इसके कार्यादेश भी जारी हो चुके हैं। भवन का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके बाद रोडवेज बस स्टैंड का संचालन किया जा सकेगा।' -रामप्रसाद जाटव, एक्सईएन, कृषि विपणन बोर्ड, टोंक।
Updated on:
16 Oct 2026 04:58 pm
Published on:
16 Oct 2026 04:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
