आग से तीनों भाइयों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। बाड़ों में बंधी दो भैंस, एक गाय और एक बकरे की जलकर मौत हो गई। इसके अलावा, मवेशियों के लिए जमा किया गया चारा, घरेलू सामान और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।
सवाई माधोपुर। भाड़ौती क्षेत्र में गर्मी का पारा चढ़ते ही क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं डराने लगी हैं। निमोद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर बिजली के तारों में हुई स्पार्किंग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं के कारण आग आसपास के तीन बाड़ों में फैल गई, जिससे न केवल घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया, बल्कि चार मवेशियों की झुलसने से मौत हो गई।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में सूचना पर पहुंची दमकल की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे आग को अन्य रिहायशी मकानों तक फैलने से रोका गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद हल्का पटवारी अजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का पंचनामा बनाया। वहीं, पशु चिकित्सा टीम ने भी मृत मवेशियों का मुआयना किया। पीड़ित भाइयों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में अचानक स्पार्किंग हुई, जिससे निकली चिंगारी नीचे स्थित बाड़ों में जा गिरी। उस समय चल रही तेज हवाओं से आग बढ़ गई। देखते ही देखते आग ने जीतराम, श्योप्रसाद और गिर्राज के बाड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
इस आग से तीनों भाइयों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। बाड़ों में बंधी दो भैंस, एक गाय और एक बकरे की जलकर मौत हो गई। इसके अलावा, मवेशियों के लिए जमा किया गया चारा (कड़बी), घरेलू सामान और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। पीड़ित परिवार के अनुसार, इस हादसे में करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।