www.patrika.com/rajasthan-news
सवाईमाधोपुर. शहर सहित जिलेभर में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना-आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र बुधवार से शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने शुभ मुहूर्त में माता की पूजा-अर्चना कर घट स्थापना की। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उपवास भी रखे। इसके साथ ही सांझ ढलते ही गरबा महोत्सव भी शुरू हो गए। इसमें देवी की शक्ति से ओत-प्रोत भक्ति गीतों पर महिलाओं व युवतियों ने डांडिया नृत्य कर मां की आराधना की। इधर, नवरात्र शुरू होते ही बाजारों में रौनक दिखने लगी है। दुकानों पर लोग डांडिया के साथ ही पूजन व शृंगार सामग्री आदि की खरीदारी करते दिखाई दिए। नवरात्र को लेकर शक्तिपीठों में भी विशेष रोशनी की गई
।
शहर स्थित चौगाना कुआं पर नवरात्र के अवसर पर माता रानी का दरबार सजाया गया। वहीं श्रीमद् भागवत कथा शुरू हुई। मथुरा से आए गऊ सेवा ट्रस्ट के सुखदेव व्यास ने भागवत की शुरुआत की। इस अवसर पर नरसिंह जी की बगीची से सुबह 10 कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के विभिन्न स्थानों से होती हुई चौगाना कुआं पहुंची। इस दौरान महिला, पुरुष, युवक-युवतियों ने मां दुर्गा के भजनों पर नृत्य किया। शहर के रास्ते में मां दुर्गा के जयकारे गूंज उठे। इस दौरान चौगाना कुआं पहुंचने पर सुखदेव जी व्यास ने पांडाल में माता रानी की मूर्ति की स्थापना की। इसके बाद कथा का वाचन किया गया। इस मौके पर वार्ड पार्षद प्रकाश जैन, कालूराम, मोहन लाल, श्रीचरण महावार, लोकेश सोनी आदि मौजूद थे। इसी प्रकार रणथम्भौर रोड विज्ञान नगर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से सुबह दस बजे कलशयात्रा निकाली गई। इसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। लशयात्रा में महिलाओं को हुजूम उमड़ा। कलशयात्रा शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए वापस कथा स्थल पहुंची। इसके बाद पंडित अमित वशिष्ठ ने भागवत जी का महत्व बताया।
बुधवार को घट स्थापना के साथ ही जिला मुख्यालय की विभिन्न कॉलोनियों में माता के जगराता व नवरात्र महोत्सव का आगाज हो गया। शहर के न्यू मार्केट में श्री कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में नवरात्र महोत्सव का आगाज हुआ। आयोजन से जुड़े रूपेश नामा ने बताया कि इस अवसर पर नृत्य, डांडिया आदि कई कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम के अंत में आरती व प्रसाद वितरण किया गया। इसी क्रम में अरिहंत कॉलोनी में नवरात्र महोत्सव शुरू हुआ। आयोजन से जुड़े देवेन्द्र शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर डांडिया आदि का आयोजन किया गया। महोत्सव के दौरान नौ दिन तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
मंदिरों में रही कार्यक्रमों की धूम
नवरात्र स्थापना पर माता के मंदिरों में विशेष सजावट की गई सीमेंट फैक्ट्री दुर्गा माता मंदिर में हवन आदि धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में शहर स्थित काला गौरा भैरव मंदिर में भी घट स्थापना की गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने दरबार में ज्योत प्रज्वलित की।
खिरनी. कस्बे में बुधवार को शारदीय नवरात्र पर घट स्थापना के साथ ही महोत्सव का आगाज हुआ। इस दौरान माता के मंदिर, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व घरों सहित गरबा पांडालों में भी घट स्थापना की गई। साथ ही नवरात्रि महोत्सव को लेकर चामुण्डा माता मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया।
बहरावण्डा खुर्द. कस्बे में नवरात्र पर घर-घर घट स्थापना के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना की गई। अखिल भारतीय कोली समाज के तहसील अध्यक्ष महेश महावर ने बताया कि कस्बे के महावर मोहल्ले में स्थित मदनमोहन मंदिर परिसर में मां दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की गई। टोंक शिवपुरी स्टेट हाईवे स्थित बड़ के बालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा माताजी की स्थापना की गई।
घट स्थापना के साथ नवरात्र शुरू
भगवतगढ़. कस्बे सहित आस-पास के गांवों में बुधवार को नवरात्र के प्रथम दिन श्रद्धालुओं की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने मंदिर में शुभ मुहूर्त पर घट स्थापना के साथ पूजा अर्चना शुरू की।दिनभर मंदिरों में रामायण पाठ व सुंदरकांड के पाठ चलते रहे। इस दौरान मंदिरों में बालाजी महाराज की मूर्तियों की सजावट की गई। कस्बे के खेड़ापति बालाजी के अलावा दोबड़ा बालाजी, इटावा बालाजी, आदलवाड़ा बालाजी आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही।
चौथ माता के दर्शन को उमड़ी भीड़
चौथ का बरवाड़ा. कस्बे में स्थित चौथ माता मंदिर पर बुधवार को घट स्थापना के साथ ही नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी शंकर लाल सैनी, चौथ माता ट्रस्ट कोषाध्यक्ष मोहन लाल, सदस्य शक्ति सिंह, सुरेंद्र धाकड़, चौथ मल सैनी व अवधेश शर्मा ने मंत्रोचार के साथ घट स्थापित करवाया। चौथ माता की आरती में मंदिर परिसर में दर्शनार्थी की भीड़ उमड़ पड़ी। चौथ माता के भक्तों ने चौथ माता के दर्शन कर मनौतियां मांगी। इस अवसर पर महिलाओं ने चौथ माता परिसर में ढोलकी बजा कर चौथ माता के गीत भी गाए। श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रकार के प्रबंधक किए। चौथ माता सेवा समिति की ओर से चौथ माता के आने वाले भक्तों के लिए नि:शुल्क भण्डारे की शुरुआत की गई। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर साल की तरह चौथ माता सेवा समिति की ओर भण्डारे का आयोजन किया गया।