
चौथकाबरवाड़ा. कस्बे में स्थित पंचायत समिति में गुरुवार को प्रधान देवनारायण मीणा की अध्यक्षता में साधारण सभा का आयोजन किया गया। सभा में सभी विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सभा में पेयजल समस्या का मुद्दा छाया रहा। इस दौरान प्रधान देवनारायण मीणा ने सभा में मौजूद जलदाय विभाग के कर्मचारियों को पेयजल की समस्या से अवगत कराते हुए गांव में बेहतर पेयजल व्यवस्था करने के दिशा निर्देश दिए। साथ ही कहा कि वर्तमान में गांव में लगे हैण्डपंप अधिकांश खराब हो चुके हैं। साथ ही भूजल स्तर कम होने से गांवों में पेयजल की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में जलदाय विभाग के कर्मचारियों से खराब हैंडपंपों को सही करवाने की बात कही। इसी तरह बैठक में मौजूद अन्य विभागीय अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनकी समीक्षा की गई। इस अवसर पर कार्यवाहक विकास अधिकारी युगांतर शर्मा, तहसीलदार नाथू लाल मीणा सहित अन्य विभागीय अधिकारियों कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोग अध्यक्ष खोलिया का स्वागत
सवाईमाधोपुर अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष विकेश खोलिया के गुरुवार शाम साढ़े चार बजे करौली से कोटा जाते समय रैगर समाज के युवाओं ने आकाशवाणी केन्द्र के सामने स्वागत किया। इस मौके पर शंकरलाल गोगोर, एडवोकेट वीरेन्द्र, अध्यापक राजकुमार, राजेश कंवरिया, सुभाष चन्द्र सहित रैगर समाज के युवा मौजूद थे।
बस की टक्कर से बाइक सवार घायल
चौथ का बरवाड़ा. क्षेत्र में गुरुवार को गढरवास गांव के समीप मोड़ पर बस व बाइक की आमने सामने की भिड़ंत हो गई। इस दौरान बाइक सवार हनुमान (28) निवासी बिलोता के चोट लग गई। ऐसे में 108 एंबुलेंस से घायल युवक को चौथ का बरवाड़ा सीएचसी पर लगाया गया। जहां चिकित्सक तपेन्द्र शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया।
नाबालिग ने किया बाल विवाह से इनकार,थाने पहुंचकर दर्ज कराई प्राथमिकी,न्यायालय ने परिजनों को किया पाबंद
खण्डार . उपखण्ड क्षेत्र के थाना बहरावण्डा कलां के गांव कोसरा में एक 17 वर्षीय बालिका ने बाल विवाह करने से मना कर दिया। बालिका ने विरोध करते हुए थाने पहुंच प्राथमिकी दर्ज कराई। थानाधिकारी हेमेन्द्र सिंह ने बताया कि कोसरा गांव के सुग्रीव जाट, महावीर जाट आदि लोग अपनी 17 वर्षीय बालिका का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में करवाना चाहते थे। घर वालों ने किशोरी को विवाह के लिए मजबूर कर रखा था, लेकिन किशोरी किसी प्रकार से थाना में आ गई और बालविवाह की जानकारी दी। इस पर थानाधिकारी ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए किशोरी के माता पिता को बुलाया और बाल विवाह नहीं करवाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद थानाधिकारी की ओर से बालविवाह को लेकर इस्तगासा न्यायालय में पेश किया। जहां न्यायिक मजिस्ट्रेट ने वर वधू व उनके माता पिता को न्यायालय में बुलाकर बाल विवाह नहीं करने के लिए पाबन्द किया।