सवाई माधोपुर

पूरी दुनिया में छाया Chauth Ka Barwara, 700 साल पुराने किले में होगी Katrina-Vicky की शादी

Katrina Kaif-Vicky Kaushal Wedding : चौथकाबरवाड़ा इन दिनों इंटरनेशनल स्तर पर सुर्खियों में बना है।
3 min read
photo_2021-12-05_10-38-52.jpg

राकेश वर्मा
Katrina Kaif - Vicky Kaushal Wedding : चौथकाबरवाड़ा कस्बे की पहचान अब तक प्रदेश के प्रमुख मां शक्तिपीठ मंदिर को लेकर ही रही है। चौथमाता का मंदिर दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। लेकिन करीब 20 हजार की आबादी वाला ये कस्बा इन दिनों इंटरनेशनल स्तर पर सुर्खियों में बना है। वजह है यहां का सात सौ साल पुराना बरवाड़ा फोर्ट, जो अब मशहूर हेरिटेज होटल में तब्दील हो चुकी है। उससे भी खास वजह होटल में पहली शादी फिल्म अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता विक्की कौशल की होने वाली है।

शादी की चर्चाओं को लेकर स्थानीय लोगों का मन टटोलने के लिए शनिवार को पत्रिका के टीम कस्बे में घूमी। बातचीत के दौरान सामने आया कि किसी भी बरवाड़ावासी ने ये नहीं सोचा था कि कस्बे का नाम एकाएक यूं इंटरनेशनल स्तर पर छा जाएगा। जिला मुख्यालय से करीब 23 किलोमीटर दूर है ये कस्बा। जबकि सवाईमाधोपुर-जयपुर रेल मार्ग पर चौथकाबरवाड़ा स्टेशन पड़ता है।

अब तो रिश्तेदार भी फोन पर शादी की जानकारी लेते हैं
सब्जी मंडी मार्ग पर स्थित एक चाय कि दुकान के पास कुछ लोग बैठकर बॉलीवुड स्टारों की शादी को लेकर चर्चा करते हुए नजर आए। उसी चर्चा में पत्रिका टीम भी शामिल हो गई। इस दौरान पप्पू लाल मीणा ने बताया कि गांव का नाम पहले तो लोग माताजी के नाम से ही जानते थे, लेकिन जब से यहां बनीं होटल में फिल्म स्टारों की शादी होने की बात सामने आई है, तब से रिश्तेदार भी रोज फोन कर शादी के बारे में जानकारी ले रहे हैं।

गांव रो नाम विदेशां तक पहुंच जावैलो...
इस बीच ग्रामीण विष्णु धाकड़ ने बताया कि होटल के कारण बड़े-बड़े वीआईपी लोग अब यहां घूमने-फिरने आने लगेंगे। जिससे लोगों के रोजगार में भी वृद्धि होगी। राम सिंह का कहना था कि गांव का नाम चौथ माता के मंदिर कि वजह से तो पहले ही प्रसिद्ध था, लेकिन अब वीआईपी होटल खुलने से यहां दूर-दूर से विदेशी पर्यटक भी आने लग जाएंगे। अब तो गांव रो नाम विदेशां तक पहुंच जावैलो...।

सपने भी नहीं सोचा था इतना फेमस हो जाएगा कस्बा
सलमा बानो व प्रधान सम्पत पहाड़िया, सीता सैनी का कहना था कि अब तक तो फिल्मों में ही हीरो एवं हरोइन को देखते थे, लेकिन फिल्मी हस्तियां यहां आकर शादी रचाएंगे ऐसा सपने में भी नहीं सोचा था। बरवाड़ा की गिनती अब तक देहाती इलाके में आती है, लेकिन वह एकाएक दिल्ली-मुंबई, जयपुर, उदयपुर जैसा दिखने लगा है। महिलाओं में भी इसकी खासी चर्चा होती है।

कृषि व निजी व्यापार पर आश्रित है ग्रामीण
वैसे तो चौथकाबरवाड़ा एक ग्रामीण इलाका है। जिसकी आबादी करीब बीस हजार हैं। वही गांव के 60 प्रतिशत लोग कृषि पर निर्भर हैं। चौथमाता मंदिर की वजह से करीब 500 परिवारों को रोजगार मिल रहा है। इसके अलावा चूड़ी उद्योग, परचून की दुकान व छोटी-छोटी दुकानें लगाकर लोग आजीविका चलाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि लोगों की आवाजाही से यहां खाने-पीने की सामग्री की बिक्री बढ़ी है। करीब 20 फीसदी का इजाफा हुआ है।

गांव में उत्साह का माहौल
अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता विक्की कौशल कि शादी को लेकर गांव के लोगों में भी उत्साह का माहौल है तथा लोग बॉलीवुड स्टार की शादी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस शादी को लेकर लोग चर्चा करते हुए भी नहीं थक रहे हैं। हर एक व्यक्ति के मुंह पर इस शाही ही शादी को लेकर चर्चा है।

चौथकाबरवाड़ा पंचायत पर एक नजर
आबादी-20 हजार, खेती पर निर्भर लोग-60 प्रतिशत, बरवाड़ा फोर्ट का सफर- 700 साल पुराना, सेलिब्रिटी शादी से-20 फीसदी बढ़ा रोजगार, मुख्यालय से करीब-23 किलोमीटर दूरी पर—चौथमाता मंदिर के पर्यटन से करीब 500 परिवार जुड़े हैं।

Updated on:
05 Dec 2021 11:15 am
Published on:
05 Dec 2021 10:52 am