विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान अचानक टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश मीणा डॉ. किरोड़ी से मिलने सर्किट हाउस पहुंच गए।
सवाईमाधोपुर। क्षेत्रीय विधायक डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के दौरान अचानक टोंक-सवाई माधोपुर सांसद हरीश मीणा डॉ. किरोड़ी से मिलने सर्किट हाउस पहुंच गए। इस दौरान सांसद हरीश मीना ने किरोड़ी लाल की जनसुनवाई में आए लोगों से उनकी समस्याओं को सुना और कहा कि हम दोनों लोगों के लिए मिलकर काम करेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए लोगों की समस्याओं को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के समक्ष रखेंगे।
दोनों नेताओं ने जनसुनवाई के दौरान गाड़िया लुहारों की समस्याओं को सुना और हर संभव मदद का भरोसा दिया। हरीश मीणा ने लोगों से कहा कि डॉ. किरोड़ी और वे खुद साथ मिलकर लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करेंगे। इस दौरान दोनों ही नेताओं ने एक-दूसरे से पूरे गर्मजोशी से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं में आपस में हंसी-ठिठोली भी खूब हुई। विधायक किरोड़ी ने कहा कि सांसद हरीश मीना उनसे बड़े हैं तो हरीश मीना ने कहा कि नहीं डॉ. किरोड़ी उनसे बड़े हैं। सांसद कुछ देर बातचीत करने के बाद अपने समर्थकों के साथ सर्किट हाउस से निकल गए। वहीं किरोड़ी भी जनसुनवाई के बाद जयपुर रवाना हो गए।