
भगवतगढ़. कस्बे में झोपड़ा मार्ग पर हरिदास बाबा की छतरी पर चल रही भागवत कथा में सोमवार को कथावाचक आचार्य अवधेश दुबे ने जड़ भरत चरित्र, ध्रुव चरित्र एवं भक्त प्रहलाद के चरित्र के प्रसंग को विस्तार से सुनाया। कथावाचक ने भक्त प्रहलाद के चरित्र की कथा सुनाते हुए कहा कि प्रहलाद की भक्ति में ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास एवं समर्पण होने से भगवान ने हर मुसीबत से उसे छुटकारा दिलाया। उन्होंने कहा कि कलियुग में पाप के बढऩे से धर्म की हानि हो रही है। उन्होंने कहा कि हमें सदमार्ग पर चलते हुए धर्म की रक्षा के लिए आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि कलियुग में भक्तों की संख्या में बहुत ज्यादा इजाफा हुआ है लेकिन उनकी भक्ति का भाव स्वार्थ पर टिका होने से उनका कल्याण नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि मनुष्यों को अपने कल्याण के लिए दूसरों की भावनाओं को समझते हुए उनके कल्याण की कामना करनी चाहिए।
खाटूश्याम पदयात्रियों का स्वागत कर पूछी कुशलक्षेम
बहरावण्डा खुर्द . श्रीखाटूश्याम धाम के लिए कस्बे से रवाना हुए पदयात्रियों के जत्थे का सोमवार को मलारना चौड़ में स्वागत किया व यात्रा के दौरान उनकी कुशलक्षेम पूछी। खण्डार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चतर सिंह राजावत ने पदयात्रियों का स्वागत किया तथा अल्पाहार व अन्य आवश्यक सामग्री दी। श्रीखाटूष्याम यात्रा समिति के संरक्षक सीताराम सैनी ने पदयात्रा के दौरान उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान खण्डार के पटवार संघ के तहसील अध्यक्ष प्रताप सिंह, सांवरिया सेठ यात्रा समिति के संरक्षक गिर्राज जयबाला, सह संयोजक महेश मिश्रा, भामाशाह गिर्राज गोस्वामी बाला आदि मौजूद थे।
रामरसिया दंगल अब 21 को
छाण. बैरना में मंगलवार को होने वाला रामरसिया दंगल कार्यक्रम अब 21 फरवरी बुधवार को सुबह 8 बजे से होगा। आयोजन से जुड़े मीठालाल गुर्जर एवं रामहेत गोठिया ने बताया कि एक रामरसिया पार्टी ने 20 फरवरी को आने में असमर्थता जाहिर की। इस कारण कार्यक्रम बुधवार को तय किया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह धाभाई होंगे। अध्यक्षता खंडार पूर्व प्रधान गिर्राज गुर्जर करेंगे।
विशिष्ट अतिथि यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव पिन्टू सिंह गुर्जर, रामरूप गुर्जर, समाजसेवी रामरतन चाड, बत्तीलाल श्यामोली होंगे। सोमवार को आयोजन समिति ने कार्यकर्ताओं ने आवण्ड, भैरूपुरा, खिरखड़ी, आच्छेर, अजीतपुरा, बोदल, छाण आदि गांवों का दौरा कर दंगल में भाग लेने का न्योता दिया। इस दौरान मांगीलाल गुर्जर, रामकिशन, छोटूलाल मेडिय़ा, काडूराम गुर्जर, जगदीश पटेल सहित कई लोग मौजूद थे।