www.patrika.com/rajasthan-news
सांगानेर रेलवे स्टेशन के पास महापड़ाव
सवाईमाधोपुर. राजस्थान राज्य अधीनस्थ कम्प्यूटर कर्मचारी संघ ने बुधवार को सांगानेर में रेलवे स्टेशन के पास कल्याण पुरा रोड स्थित मैदान पर सूचना सहायकों की 6 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन महापड़ाव का आगाज किया। संघ के राज्य अध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि सूचना सहायकों की ग्रेड पे 3600 करने सहित कई मांगों पर राजस्थान सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने राज्य के सभी सूचना सहायकों से एकजुट होकर संघ का साथ देने का आह्वान किया। इसमें सवाईमाधोपुर जिले के कई कार्यालयों में कार्यरत सूचना सहायकों ने भाग लिया।
महापड़ाव स्थल पर अखिल राजस्थान संयुक्त अधीनस्थ मंत्रालय महासंघ के अध्यक्ष, कर्मचारी महासंघों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने सूचना सहायकों को कंधे से कंधा मिलाकर साथ देने का आह्वान किया। जिले में कार्यरत सूचना सहायक जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में एकत्र होकर महापड़ाव स्थल पर पहुंचे। कपिल चौधरी ने बताया कि सरकार की ओर से सूचना सहायकों की 6 सूत्री मांगे नहीं मानने तक सांगानेर में रेलवे स्टेशन के पास कल्याण पुरा रोड स्थित मैदान पर अनिश्चित काल तक महापड़ाव जारी रहेगा।
ये हैं प्रमुख मांगे
राजस्थान ग्रामीण विकास राज्य सेवा की कैडर संरचना निर्धारित करने के लिए स्केल के पदों को निश्चित कर पदोन्नति करने, ग्राम विकास अधिकारी का ग्रेड पे पांचवें एवं छठे वेतनमान की विसंगति दूर कर 3600 की स्वीकृत प्रदान करने, ग्राम विकास अधिकारी का चार्ज अन्य संवर्गों को देने के विभागीय आदेशों को प्रत्याहरित कर ग्राम विकास अधिकारी का चार्ज ग्राम विकास अधिकारी को देने की मांग की।
राजस्थान ग्रामीण विकास सेवा के 25 प्रतिशत पद ग्राम विकास अधिकारियों को तृतीय पदोन्नति का अवसर प्रदान करने के लिए आरक्षित करने, राजस्व मण्डल अजमेर की तर्ज पर 9894 पंचायतों के लिए 2474-2105 कुल 369 पद एवं 14 पद विभाग मुख्यालय पर कुल 383 पंचायत प्रसार अधिकारी के नए पदों का सृजन करने की मांग की। इस दौरान सवाईमाधोपुर विकास अधिकारी डॉ.सरोज बैरवा, गंगापुरसिटी बीडीओ विक्रमङ्क्षसह गुर्जर, सतीश सैन, बामनवास पंचायत प्रसार अधिकारी घनश्याम मीना, जिलाध्यक्ष जगराम मीना, बृजलाल मीना, विजेन्द्रङ्क्षसह, बुद्धिप्रकाश आदि मौजूद थे।
नाथ समाज की रैली एक को
सवाईमाधोपुर. नाथ समाज का समाधि स्थल आवंटन की मांग को लेकर तीसरे दिन बुधवार को भी कलक्ट्रेट सामने धरना जारी रहा। नाथ समाज के मांगीलाल योगी, घनश्याम योगी, सत्यनारायण योगी, कैलाश योगी, गिरधारी व जगराम योगी आदि ने बताया कि सरकार से लम्बे समय से श्मशान भूमि आवंटन की मांग कर रहे है, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। धरनास्थल पर भूमि आवंटन संघर्ष समिति एवं नाथ समाज के लोगों ने सर्व सम्मति से 1 अक्टूबर को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करने का निर्णय किया है। रैली में भीड़ जुटाने के लिए समाज के लोगों को जिम्मेदारी देने एवं गांवों में पहुंचकर पीले चावल बांटकर रैली में आने का न्योता देने का निर्णय किया है।