गाज़ियाबाद

बड़े घरों में जा रही जरूरतमंदों की पेंशन!

यहां नगर परिषद में रहे एक आला अधिकारी एवं सरकारी चिकित्सक के परिजनों को भी नियमों के विपरीत जाकर वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई।
2 min read
• •
Updated: 3 Mar 2017, 5:11 PM IST
Feature image

सरकारी पेंशन योजनाओं को शहर में बेजा लाभ उठाया जा रहा है। पेंशन में गड़बड़ी की शिकायतें आम हैं, लेकिन आला अधिकारी तक सरकार की लाभकारी योजनाओं से अपने परिजनों को अनुचित तरीके से लाभान्वित कर रहे हैं।

यहां नगर परिषद में रहे एक आला अधिकारी एवं सरकारी चिकित्सक के परिजनों को भी नियमों के विपरीत जाकर वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कर दी गई। इतना ही नहीं, अनुचित तरीके से स्वीकृत हुई पेंशन के तहत करीब साढ़े तीन वर्ष से प्रतिमाह सरकारी खजाने से राशि का भुगतान होता रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।

पेंशन में गड़बड़ी का यह मामला गंगापुरसिटी नगर परिषद क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत जगदीशप्रसाद गुप्ता पुत्र मूलचंद गुप्ता निवासी वेद कॉलोनी रोडवेज बस स्टैण्ड के पीछे गंगापुरसिटी को पीपीओ संख्या (आरजे-एस-03573042) 27 मई 2013 से वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 500 रुपए का भुगतान किया जा रहा है।

इनका आवेदन संख्या (आरजे- ए -03573042 ) है। लाभान्वित होने वाले जगदीशप्रसाद गुप्ता पूर्व नगर परिषद आयुक्त गंगापुरसिटी सौरभ जिंदल के पिता हैं। सौरभ जिंदल वर्तमान में सवाईमाधोपुर नगर परिषद आयुक्त हैं। इतना ही नहीं, जिंदल के दो और परिजनों को भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। सभी ने मूल आवेदन के साथ झूठे शपथ पत्र लगाए हैं।

चिकित्सक के परिजन को भी पेंशन

इसी प्रकार चिकित्सक के माता-पिता को भी वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। भरोसीलाल गुप्ता पुत्र मूलचंद गुप्ता निवासी वेद कॉलोनी को पीपीओ संख्या (आरजे-एस-04568686) व ताई मिथलेश कुमारी को पीपीओ संख्या (आरजे-एस-04568625) को मई 2013 से वद्धावस्था पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। पेंशन प्राप्त करने वाले भरोसीलाल के पुत्र पेशे से चिकित्सक हैं और जयपुर में कार्यरत हैं। गौरतलब है कि पेंशन पाने वाले जगदीशप्रसाद गुप्ता एवं भरोसीलाल गुप्ता सगे भाई हैं।

सरकारी खजाने को नुकसान

गलत तथ्य व दस्तावेज पेश कर पेंशन योजना का लाभ लिए जाने से अब तक सरकारी खजाने को हजारों रुपए का नुकसान पहुंच चुका है। तीनों पेंशनधारियों के खाते में नियमित पेंशन का भुगतान किए जाने की पुष्टि उप कोषागार कार्यालय गंगापुर ने की है।

यह है नियम

वृद्धावस्था पेंशन की पात्रता के लिए पति, पत्नी या पुत्र राजकीय सेवा में नहीं हो। आवेदक की सभी स्रोतों से आय 48 हजार वार्षिक से अधिक नहीं हो। महिला आवेदक की आयु 55 वर्ष से अधिक व पुरुष आवेदक की आयु की 58 वर्ष से अधिक हो। आवेदक केन्द्रीय बीपीएल, राज्य बीपीएल, अंत्योदय या आस्था कार्डधारी परिवार का सदस्य होना चाहिए।

जानकारी नहीं

जगदीशप्रसाद गुप्ता मेरे पिता हैं। उन्हें पेंशन मिल रही है, इस बारे में मुझे जानकारी नहीं है। देखकर बताता हूं।

सौरभ जिंदल, आयुक्त, नगर परिषद, सवाईमाधोपुर

करेंगे कार्रवाई

तथ्यों को छुपाकर पेंशन जारी करवाई गई है तो लाभांवित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पेंशन रुकवाकर अब तक हुए भुगतान की वसूली की जाएगी।

बाबूलाल जाट, उपखण्ड अधिकारी, गंगापुरसिटी

Published on: