Rajasthan Rain News: राजस्थान में जारी भारी बारिश के कारण सवाई माधोपुर, धौलपुर और अजमेर जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। जिला प्रशासन को चेतावनी जारी करनी पड़ी है।
राजस्थान में जारी भारी बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। इनमें सवाई माधोपुर, धौलपुर और अजमेर जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। सवाई माधोपुर जिले के अधिकांश इलाकों में गुरुवार (12 सितंबर) को भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहा, जिससे जिले के लोगों की परेशानियां और भी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण सवाई माधोपुर शहर में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। शहर के नदी-नाले उफान पर हैं और कई इलाके जलमग्न हैं। गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में, पुराने शहर में स्थित लटिया नाले का पुल टूट गया जिससे एक स्कूल बस नाले में गिर गई। इस हादसे में चार युवक लापता हो गए हैं, जिनमें से एक को स्थानीय लोगों ने बचा लिया है।
जिले में भारी बारिश के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है। रणथंभौर के सभी झरने और नाले उफान पर हैं और चंबल, बनास, गलवा व मोरल नदी में भी पानी का स्तर बढ़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है। सवाई माधोपुर जिले के सभी स्कूलों में 1 से 12वीं तक के लिए अगले आदेश तक अवकाश घोषित कर दिया है।
इसी तरह धौलपुर और अजमेर जिले में भी गुरुवार को 12वीं तक के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया। बुधवार को सबसे अधिक बारिश धौलपुर में हुई। धौलपुर के राजाखेड़ा में पांच इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। धौलपुर में भारी बारिश के बाद लोगों के घरों में पानी घुस गया। शहर में 71 और झालावाड़ के अकलेरा में 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं अजमेर जिले में गुरुवार को भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। अजमेर की बरसात का आंकड़ा 888 मिलीमीटर तक पहुंच चुका है। सितंबर अंत तक मानसून सक्रिय रहा तो अजमेर जिला देश के औसत बरसात 1156 मिलीमीटर के आंकड़े तक भी पहुंच सकता है। वहीं जिले में बारिश के कारण शहर के कुछ इलाकों जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इस कारण गुरुवार को स्कूल बंद रहे। हालांकि प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने में जुटा है।