
सवाईमाधोपुर. अखिल राजस्थान कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने बुधवार को सातवें वेतन आयोग का विरोध किया। इस दौरान कर्मचारियों ने जिलाध्यक्ष लड््डूलाल लोधा के नेतृत्व में जिला कलक्ट्रेट के सामने आदेशों की प्रतियां जलाई।
महासंघ के जिलामंत्री पंचम भाटी ने बताया कि सरकार की ओर से सातवां वेतन आयोग कर्मचारियों के प्रति किया गया सबसे बड़ा धोखा है। सरकार ने पूर्व में वेतन आयोग 1 जनवरी से लागू कर एरियर तीन किश्तों में देने की घोषणा की थी लेकिन सरकार अब वादे से मुकर रही है। पूरा एरिया हजम करना चाहती है। अधिसूचना के अनुसार सितम्बर में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को एरियर का लाभ नहीं मिलेगा। सरकार वेतन में कटौती करने जा रही है, जो कर्मचारियों के लिए कुठारघात है। सरकार ने 2400, 2800 व 4800 ग्रेड पे में कटौती कर वेतन आयोग लागू करने से कर्मचारियों में रोष है। इस दौरान महासंघ के संयोजक अशोक पाठक, मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन के कैलाश नारायण सैनी, पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ के नीरज मीणा, कुशलपालसिंह आदि थे।
रैली निकालकर कॉलोनियों में दिया न्यौता
सवाईमाधोपुर. नन्दबाबा गो सेवा समिति खैरदा के तत्वावधान में रविवार को नई अनाज मण्डी प्रांगण में गो भजन सत्संग कार्यक्रम शाम 6 से रात 9 बजे तक होगा। इसके तहत बुधवार को हाउसिंग बोर्ड स्थित सिटी बस स्टैण्ड तिराहे से समिति सदस्यगण एवं गो भक्तों ने रैली के रूप में सुबह साढ़े सात बजे झूले लाल मन्दिर हनुमान नगर में तथा शाम को नई अनाज मण्डी रोड एवं नई अनाज मंडी में विभिन्न कॉलोनियों एवं प्रतिष्ठानों आदि विभिन्न कॉलोनियों में व्यक्तिगत सम्पर्क कर सभी को कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए निमंत्रण सौंपा। रैली में गजानन्द गुप्ता, रामअवतार मित्तल, अवध बिहारी शर्मा, बुद्धि प्रकाश गोयल , प्रेमशंकर, विजय नरेन्द्र माहेश्वरी, हनुमान शर्मा, वृंदावन मथुरिया, जगदीश गुर्जर, ओम प्रकाश शर्मा, जगदीश, रोहित सिंहल आदि मौजूद थे।
भौतिक सत्यापन की तिथि बढ़ी
सवाईमाधोपुर . आरटीई अधिनियम की धारा 12 के तहत गैर सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2017-18 में नि:शुल्क सीट्स पर अध्ययनरत बालक-बालिकाओं के भौतिक सत्यापन के लिए तिथि बढ़ाई गई है। आरटीई प्रभारी त्रिलोकचंद मीना ने बताया कि गैर सरकारी विद्यालयों में 25 प्रतिशत नि:शुल्क सीट््स पर नवप्रवेशित व पूर्व में क्रमोन्नत छात्र-छात्राओं के भौतिक सत्यापन के लिए समय सारणी जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में भौतिक सत्यापन कार्य 10 नवम्बर तक, विद्यालयों की ओर से रिपोर्ट को पोर्टल पर अपलोड कर लॉक 15 नवम्बर एवं सत्यापन रिपोर्ट का कार्यालय स्तर से मिलान कर सत्यापित करने की तिथि 22 नवम्बर रखी गई है। उन्होंने संशोधित टाइफ्रेम को निजी स्कूल वेब पोर्टल पर एनआईसी के माध्यम से अपलोड कराने एवं एनआईसी के माध्यम से निजी स्कूल वेब पोर्टल पर इस टाइमफ्रेम के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।