नई दिल्ली

ओवरलोड वाहन बिगाड़ रहे यातायात व्यवस्था

सवाईमाधोपुर @ पत्रिका. हम्मीर ब्रिज से गुजरने वाले चारे या तूड़ी से भरे ओवरलोड वाहन भी जाम का कारण बन रहे हैं। इसके अलावा कईओवरलोड वाहन जब ब्रिज पर चढ़ते हैं तो उनका दम निकल जाता है और वे रास्ते में खराब हो जाते हैं।
2 min read
• •
Updated: 16 Apr 2017, 8:10 PM IST
हम्मीर ब्रिज पर खराब हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली
हम्मीर ब्रिज पर खराब हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली

इससे जाम लगता है। इसे खुलवाने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है। क्षमता से अधिक वजन लेकर चलने वाले वाहन जैसे ही हम्मीर ब्रिज की चढ़ाई पर चढ़ते हैं तो उनमें अक्सर खराबी आ जाती है। जगह की कमी के कारण एक वाहन के फंसते ही पीछे वाहनों की कतार लगनी शुरू हो जाती है। जब तक क्रेन या दूसरे वाहन के सहारे खराब हुए वाहन को ब्रिज पर बीच रास्ते से नहीं हटाया जाता तब तक जाम लगा रहता है। अक्सर खैरदा की तरफ से ब्रिज पर आने वाले वाहनों में तकनीकी खराबी आ जाती है। ज्यादातर वाहनों में या तो एक्सल टूट जाता है या फिर स्टेयरिंग फेल हो जाती है। इस कारण वाहन वहीं खड़े रह जाते हैं। बिना किसी दूसरे वाहन से जोड़े बिना इन्हें आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।

ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कर रही परेशान

इन दिनों कृषि उपज मण्डी में जिंस लेकर आ रही किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियां यातायात के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। ट्रॉलियों में माल अधिक भरा होने के कारण ब्रिज पर चढ़ते समय इनमें कोई ना कोई खराबी आ जाती है। कई वाहनों में चारे के पोट होते हैं, इससे भी यातायात बाधित होता है।

पुलिसकर्मियों को लगाने पड़ते धक्के

कई बार वाहनों के ब्रिज पर खराब होने पर पुलिसकर्मियों को ही रास्ते से हटाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। पुलिसकर्मी ही वाहन को धक्का देकर रास्ते से हटाते हैं। इसके अलावा उन्हीं को क्रेन या अन्य वाहन मंगवाकर वाहन को हटा आवागमन सुचारू करना होता है।

काफी मुश्किल हो जाती है

- ब्रिज पर चढ़ते समय ओवरलोड वाहन के खराब होने पर पूरी यातायात व्यवस्था बिगड़ जाती है। कई बार तो उन्होंने धक्के लगाकर वाहनों को रास्ते से हटाया है। सबसे ज्यादा परेशानी ट्रैक्टर-ट्रॉली के कारण होती है। इनके आने-जाने के लिए दूसरा मार्ग होना चाहिए।

- भगवान सिंह, यातायात प्रभारी, सवाईमाधोपुर

Published on: