
प्रदेश भर में महज 15 ही जिला रोजगार अधिकारी कार्यरत है और ऐसे में एक-एक अधिकारी को दो से तीन जिलों की जिम्मेदारी मिली हुई है। ऐसे में कामकाज प्रभावित हो रहा है और युवाओं को योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
रोजगार विभाग में अधिकारियों व कार्मिकों की कमी होने के कारण अव्यवस्थाओं का आलम बना हुआ है। हालात यह है कि एक अधिकारी के कंधों पर दो से तीन जिलों का अतिरिक्त चार्ज है। वर्तमान में सवाईमाधोपुर जिले में भी रोजगार अधिकारी का पद रिक्त है। पूर्व में विभाग की ओर से यहां पर एक महिला अधिकारी को नियुक्त भी किया गया था, लेकिन उक्त अधिकारी का अन्य विभाग में चयन होने के कारण अब वह भी यहां से जा चुकी है।
वर्तमान में जिले में रोजगार अधिकारी का पद रिक्त है और भरतपुर के जिला रोजगार अधिकारी को जिले का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। इसके अलावा बारां में भी रोजगार अधिकारी का पद लम्बे समय से रिक्त है, जिसका प्रभार वर्तमान में कोटा के रोजगार अधिकारी को सौंपा गया है।
अधिकारियों व कार्मिकों की कमी के कारण विभागीय योजनाएं पूरी तरह से धरातल पर नहीं उतर पा रही है। साथही बेरोजगार युवाओं को योजनाओं का पूरा लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। लम्बे समय से पोर्टल के नहीं चलने से बेरोजगारी भत्ते के आवेदनों की जांच तक नहीं हो पा रही है और ऐसे में बेरोजगारों को समय पर भत्ता भी नहीं मिल पा रहा है। जानकारी के अनुसार वर्तमान में जिले में 15 हजार से अधिक बेरोजगार पंजीकृत हैं और इनमें से करीब चार हजार महिलाएं हैं।
इनका कहना है... यह सही है कि प्रदेश में रोजगार विभाग में लम्बे समय से अधिकारियों के पद रिक्त है। मुझे भी भरतपुर के साथ साथ सवाईमाधोपुर का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।