सवाई माधोपुर

बाजार में अतिक्रमण के आगे बेबस नगरपरिषद

बजरिया के मुख्य बाजार में दुकानो के बाहर खड़ी बाइकें व बीचो बीच खड़ चौपहिया वाहन। सवाईमाधोपुर. बजरिया सब्जी मण्डी के बीचो बीच खड़े वाहन।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:02 PM IST
बाजार में अतिक्रमण के आगे बेबस नगरपरिषद

सवाईमाधोपुर. शहर के बाजारों में अतिक्रमण का जाल फिर फैल गया है। दुकानदारों ने सड़कों और फुटपाथों तक कब्जे जमा लिए हैं, लेकिन नगरपरिषद के जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। दिवाली से पहले सभापति की अगुवाई में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जरूर हुई थी, लेकिन वह कुछ दिनों की औपचारिकता बनकर रह गई। नियमित निगरानी और सख्ती के अभाव में बाजारों में फिर पुराने हालात लौट आए हैं। इससे साफ है कि नगरपरिषद की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थायी समाधान के बजाय महज खानापूर्ति साबित हो रही है।

बजरिया की सब्जी मंडी रोड, मुख्य बाजार, जामा मस्जिद रोड, रेलवे स्टेशन रोड और चौथ का बरवाड़ा बस स्टैंड, पुरानी ट्रक यूनियन जैसे व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण ने राह मुश्किल कर दी है। दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान फैलाकर सड़क के बड़े हिस्से पर कब्जा कर रखा है। कई जगह खरीदारी करने आने वाले लोगों और राहगीरों को निकलने तक की जगह नहीं मिलती। इसके बावजूद अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों की ओर से कोई प्रभावी पहल नजर नहीं आ रही है।

हर दिन जाम से जूझ रहे लोग

बाजारों में अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों ने यातायात व्यवस्था को बेपटरी कर दिया है। सब्जी मंडी रोड और मुख्य बाजार में दिनभर रुक-रुककर जाम लगता है। त्योहार और खरीदारी के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। पैदल चलने वालों को भी वाहनों के बीच से रास्ता तलाशना पड़ता है। दुकानों के बाहर सामान फैलाने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से सड़कें लगातार सिकुड़ती जा रही हैं।

दुकान से ज्यादा सड़क पर सामान

नगरपरिषद की ओर से दिवाली से पहले अतिक्रमण हटाने के नाम पर अभियान चलाया गया था, लेकिन इसके बाद दोबारा अतिक्रमण नहीं हो, इसकी निगरानी तक नहीं की। न नियमित अभियान चलाया जा रहा है और न ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कोई सख्ती दिखाई दे रही है। ऐसे में अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। सवाल यह है कि जब कुछ दिनों बाद फिर वही हालात बनने हैं तो अतिक्रमण हटाने के अभियान का आखिर क्या औचित्य है? शहरवासियों को अस्थायी कार्रवाई नहीं, बल्कि बाजारों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित और ठोस व्यवस्था की दरकार है

Updated on:
28 Nov 2026, 1:02 PM IST
Published on: