लखनऊ

बारिश थमी, नर्सरी की रंगत फीकी

गंगापुरसिटी. बारिश का अन्तराल हरियाली पर ग्रहण लगा रहा है। बारिश का सिलसिला अनवरत जारी नहीं रहने से लोगों का सघन पौधरोपण के प्रति रुझान कम दिख रहा है। इसी का नतीजा है कि सरकारी नर्सरी में रखे हजारों पौधों को खरीदारों का इंतजार है।
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2016, 4:59 PM IST
Feature image

गंगापुरसिटी. बारिश का अन्तराल हरियाली पर ग्रहण लगा रहा है। बारिश का सिलसिला अनवरत जारी नहीं रहने से लोगों का सघन पौधरोपण के प्रति रुझान कम दिख रहा है। इसी का नतीजा है कि सरकारी नर्सरी में रखे हजारों पौधों को खरीदारों का इंतजार है।

इस बार शुरुआती दौर में बारिश अच्छी होने से उम्मीद थी कि सभी पौधे खप जाएंगे, लेकिन बारिश की कमजोर चाल ने नर्सरी में पौध वितरण की स्थिति पिछले सालों की तरह दिख रही है। नर्सरी में एक जुलाई से पौधों का वितरण शुरू हुआ था। इस दौरान 31 जुलाई तक करीब 44 हजार पौधे ही बिके हैं। इसके अलावा 22 हजार पौधे और वितरित किए हैं, लेकिन यह नि:शुल्क थे। वहीं 1.40 लाख पौधों का वितरण होना था। अभी नर्सरी में 74 हजार पौधे रखे हैं।


फुलवारी के खपे, छायादार अटके
नर्सरी प्रभारी ने बताया कि लोगों का फुलवारी के प्रति रुझान रहा है। इसके करीब 25000 पौधे थे, जो सभी बिक गए। लेकिन छायादार वृक्षों वाले पौधों के प्रति रुझान नहीं होने से ये कम बिके हैं। इनकी खरीद ग्रामीण इलाके के लोग ही करते हैं। क्योंकि वहां इनके लिए जगह होती है। इस बार एक पखवाड़े पहले लगातार तेज बारिश से गांवों में बाढ़ जैसे हालात बनने से भी ग्रामीणों का पौध खरीद के प्रति रुचि कम रही।


आय भी प्रभावित
नर्सरी पौधों की बिक्री से 31 जुलाई तक 1.92 लाख रुपए की आय हुई है। बारिश थमने के बाद पौध बिक्री रुकने से राजस्व की चपत भी लग रही है। नीम, करंज, शीशम आदि पौधों की खरीद कम हुई है। इधर शहर में निजी नर्सरियों पर भी भीड़ कम नजर आ रही है।



पौधों की बिक्री बारिश पर निर्भर है। अभी बारिश का दौर थमा हुआ है। करीब आधे पौधे बिक चुके हैं। बारिश होने पर ही पौधों की बिक्री बढ़ेगी।
रमेशचंद मीणा, नर्सरी प्रभारी, गंगापुरसिटी

Published on: