
सवाईमाधोपुर. सर्दी का असर अब केवल इंसानों की सेहत पर ही नहीं, बल्कि पशुधन पर भी पड़ने लगा है। दिन और रात के तापमान में लगातार बदलाव पशुओं के स्वास्थ्य के साथ उनके दुग्ध उत्पादन को भी प्रभावित कर सकता है। ठंड बढ़ने के साथ पशुओं में मौसमी बीमारियों और संक्रमण का खतरा भी बढ़ने की आशंका है। ऐसे में पशुपालकों की थोड़ी सी लापरवाही उनके लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। पशुओं को ठंड से बचाने के लिए केवल खुले में बांधने से परहेज करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनके आवास, खानपान और नियमित टीकाकरण पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
पशुपालन विभाग ने सर्दी के मौसम को देखते हुए पशुपालकों के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह जारी की है। इसके तहत पशुओं के रहने के स्थान को ठंडी हवाओं से सुरक्षित रखने के साथ पर्याप्त रोशनी और हवा की आवाजाही बनाए रखने पर जोर दिया है। पशुशालाओं में जूट की टाटपट्टी और तिरपाल लगाकर ठंडी हवाओं को रोका जा सकता है। वहीं छोटे पशुओं और मुर्गियों को सर्दी से बचाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने की जरूरत है। पशुओं के बैठने के स्थान पर सूखी घास या चारे की परत बिछाने से उन्हें ठंड और नमी से बचाया जा सकता है।
सर्दी के मौसम में पशुओं के दुग्ध उत्पादन में कमी को सामान्य मानकर नजरअंदाज करना नुकसानदायक हो सकता है। यदि पशु अचानक कम दूध देने लगे या उसके व्यवहार और स्वास्थ्य में बदलाव दिखाई दे तो तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। पशुओं को इस मौसम में गुणवत्तापूर्ण हरा चारा, वसा युक्त पौष्टिक और संतुलित आहार देना जरूरी है। इससे पशुओं की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने में मदद मिलेगी। वही परजीवियों से बचाव के लिए पशु चिकित्सक की सलाह से दवा और परजीवी नाशक घोल का उपयोग करना चाहिए।
पशुओं को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए टीकाकरण भी जरूरी है। विभाग ने फड़किया, गलघोंटू, पीपीआर, भेड़ माता, लंगड़ा बुखार, मिश्रित संक्रमण और खुरपका-मुंहपका जैसी बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीके लगवाने की सलाह दी है। वहीं पशुओं को बंद और घुटन भरे स्थानों पर रखने से बचना चाहिए। खासकर पशुशालाओं में धुएं का जमाव नहीं होने देना चाहिए, क्योंकि इससे पशुओं को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। विभाग ने जिले की सभी गोशालाओं में भी सर्दी से बचाव के इन उपायों की पालना करने को कहा है।
फैक्ट फाइल...
-जिले में कुल पशुधन-7 लाख 12 हजार
- जिले में कुल पंजीकृत गौशालाएं-37
- कुल गोवंश-6866
- छोटे गोवंश 1206 व बड़े गोवंश 5460
इनका कहना है. सर्दी बढ़ने और दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव से पशुओं के स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पशुपालक पशुओं को संतुलित पौष्टिक आहार दें, समय पर टीकाकरण करवाएं और पशुशालाओं को ठंडी हवा व नमी से सुरक्षित रखे। दूध उत्पादन में कमी या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क करे। गोशालाओं में भी इन सावधानियों की पालना जरूरी है।