
सवाईमाधोपुर/लहसोड़ा. क्षेत्र में चोरी की वारदाते थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस चोरों को पकडऩे में सुस्त रवैया अपना रही है। यही वजह है कि चोर पुलिस की पकड़ से दूर है। निकटवर्ती लहसोड़ा गांव में बुधवार रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। यहां पहले चोरों ने पीडि़त कमरूद्दीन की दुकान का ताला तोड़कर करीब 6 हजार रुपए नकद व तम्बाकू उत्पाद सामग्री ले गए। इसी प्रकार रणजीत की दुकान का ताला तोड़ा लेकिन सामान नहीं ले गए। वहीं एक अन्य मिस्त्री महावीर प्रजापत की दुकान का ताला तोड़कर वहां से टायर व अन्य सामान चुरा ले गए। इसी प्रकार ग्रामीण सत्यनारायण की मोटरसाइकिल लेकर अज्ञात स्थान पर छोड़ गए। घटना के बाद पीडि़तों ने लहसोड़ा पुलिस चौकी में चोरी का मामला दर्ज कराया।
दवा लेने गए व्यक्ति की जेब से 27 हजार पार
बामनवास. कस्बे के मुख्य बाजार में बुधवार दोपहर मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गए एक व्यक्ति की जेब से 27 हजार रुपए की नकदी पार होने का मामला सामने आया है। पीडि़त लक्खीराम मीना की ओर से पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पास की दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान की कोशिश की, लेकिन तस्वीरें धुंधली आने के कारण आरोपित की पहचान नहीं हो सकी। बारबाड़ पुरा निवासी लक्खीराम मीना ने बताया कि उसके बेटे की तबीयत खराब होने पर दोपहर को एक चिकित्सक को दिखाने के बाद होली चौक के निकट स्थित मेडिकल स्टोर से दवा लेने गए थे। इसी दौरान पीछे से एक युवक आया और दुकान पर चढ़ा। कंधे पर हाथ रखकर बीमार होने का ढोंग कर उनके ऊपर गिर गया। इसी दौरान वह कुर्ते की साइड की जेब से 27 हजार रुपए की नकदी पार करने में कामयाब हो गया। पीडि़त दवा के पैसे पूर्व में ही दे चुके थे। इसके करीब पन्द्रह मिनट बाद वे जब दूसरी दुकान पर कोई सामान लेने पहुंचे और जेब में हाथ दिया तो पूरी नकदी गायब थी। इस पर उन्होंने लौटकर मेडिकल स्टोर के संचालक से बात की। होली चौक के निकट ही एक कपड़े के शोरुम पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इस कैमरे में युवक की सारी करतूत रिकॉर्ड हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी सीसीटीवी फुटेज खंगाले।, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस थाना प्रभारी कैलाश चंद मीना ने बताया कि पीडि़त की प्राथमिकी पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विद्यालय से कम्प्यूटर चोरी
पीपलदा. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित कम्प्यूटर प्रयोगशाला व कार्यालय कक्ष को बुधवार रात को चोरों ने निशाना बनाया। चोर कम्प्यूटर प्रयोगशाला कक्ष पर लगे लोहे के गेट का ताला तोड़कर उसमें लगे कम्प्यूटर सहित कई सामान ले उड़े। इसी प्रकार कार्यालय कक्ष का ताला तोड़कर आलमारी में रखे जरूरी कागजों को चुरा ले गए। प्रधानाचार्य रेखा सोलंकी ने बताया कि सुबह कर्मचारी आए तो कम्प्यूटर प्रयोगशाला कक्ष व कार्यालय कक्ष के ताले टूटे मिले। कक्ष से कम्प्यूटर सहित कई सामान चोरी हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जांच शुरू कर दी है।