
सवाईमाधोपुर। रणथम्भौर में मंगलवार रात को दो शावकों के शव मिलने के बाद अभी वन विभाग ने चैन की सांस भी नहीं ली थी कि रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान से एक ओर बुरी खबर आने से वन अधिकारियों की चिंताएं बढ़ गई है। रणथम्भौर के जोन नम्बर छह में विचरण करने वाली बाघिन टी-8 लाडली के अब शैली के कांटे लगने की खबर आ रही है।
बाघिन ने नहीं किया 15 दिनों तक शिकार
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बाघिन की लगातार ट्रेकिंग कराई जा रही है। पूर्व में भी बाघिन ने करीब 15 दिनों तक शिकार नहीं किया था। हालांकि अभी विभागीय अधिकारी इसकी पुष्टि नहीं कर रहे है। लेकिन सूत्रों की माने तो बाघिन को जल्द ही ट्रेंकुलाइज किया जाएगा।
गले में लगे सात कांटे
बाघिन के गले में शैली के सात कांटे लगे हुए है। इससे बाघिन के गले पर सूजन भी है। ऐसे में दर्द के चलते बाघिन शिकार भी नहीं कर पा रही है। वन्य जीव विशेषज्ञों की माने तो कांटों के जल्द ही नहीं निकलने पर बाघिन के हाल बिगड़ सकते हैं।
पहले भी कई बार लग चुके कांटे
रणथम्भौर में बाघ-बाघिनों के पहले भी कई बार शैली के कांटे लग चुके हैं। गत वर्ष बाघ टी-91 के और इससे पूर्व बाघिन लाइटनिंग के भी शैली के कांटे लग चुके है। बाघिन की पीड़ा के बारे में तो पर्यटकों ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी थी।
अब ट्रेंकुलाइज करने की जुगत
बाघिन के कांटे लगने के कारण अब विभाग बाघिन को ट्रेंकुलाइज करने की जुगत में जुट गया है। वन अधिकारियों की माने तो बाघिन को एक दो दिन में ही ट्रेंकुलाइज करके कांटे निकाले जाएंगे। ऐसे में विभाग की ओर से निरंतर बाघिन की ट्रेकिंग कराई जा रही है।
प्रदेशभर में रणथम्भौर, सरिस्का अलवर तथा मुकंदरा हिल्स कोटा सहित तीन टाइगर रिजर्व है। इनमें सबसे अधिक बाघ रणथम्भौर नेशनल पार्क में है। रणथम्भौर शुरू से ही बाघों की साइटिंग का केन्द्र रहा है। ऐसे में यहां धीरे-धीरे बाघों की तादाद बढऩे के साथ ही कई दशकों से उन्हें सरिस्का व मुकंदरा हिल्स में शिफ्ट करने की मांग उठती रही। इसके लिए सरकार व वन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। ऐसे में रणथम्भौर में क्षमता से अधिक बाघ हो गए। ऐसे में ये बाघ नए क्षेत्र की तलाश में आबादी की ओर निकल रहे है या फिर टेरेटरी को लेकर हुए संघर्ष में दम तोड़ रहे है। बाघों को पर्याप्त क्षेत्र उपलब्ध कराने के लिए अभयारण्य में विस्थापन कार्य भी किया जा रहा है, लेकिन इससे भी बाघों के पर्यावास कम है।