सीहोर

जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए खरीदे वोट? भाजपा विधायक के वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

Vote Buying Claim : आष्टा से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का कथित तौर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में वोट खरीदने की बात करते वीडियो वायरल। कांग्रेस ने भाजपा पर धनबल के इस्तेमाल का आरोप लगाया।
2 min read
• •
Updated: 27 Oct 2026, 1:48 PM IST
Vote Buying Claim
बीजेपी विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का कथित वीडियो वायरल (फोटो सोर्स: Patrika)

Sehore News :मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की आष्टा विधानसभा से भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में विधायक जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए सदस्यों के वोट खरीदने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में वे कथित तौर पर ये कहते भी नजर आ रहे हैं कि, जिला पंचायत के 18 सदस्यों में से 10 सदस्यों के वोट लेकर वे जिला पंचायत अध्यक्ष बने थे। हालांकि, वायरल वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें कही गई बातों के संदर्भ की अबतक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

गोपाल सिंह इंजीनियर साल 2022 से अक्टूबर 2023 तक सीहोर जिला पंचायत के अध्यक्ष रहे थे। जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने साल 2023 का विधानसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर आष्टा विधानसभा क्षेत्र से लड़ा और विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था।

वायरल वीडियो को लेकर हमलावर हुई कांग्रेस

विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कांग्रेस एक बार फिर भाजपा पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोप लगाया कि, भाजपा धनबल के दम पर सत्ता हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि, 'भाजपा के विधायक खुद सार्वजनिक मंच से स्वीकार कर रहे हैं कि, जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए 18 में से 10 वोट खरीदे गए थे। इससे भाजपा का असली चेहरा जनता के सामने आ गया है। यह लोकतंत्र की हत्या है।'

छह दिन पुराना बताया जा रहा वीडियो

बताया जा रहा है कि, वायरल वीडियो आष्टा विधानसभा इलाके के ही किसी गांव में आयोजित कार्यक्रम का है। साथ ही, वीडियो करीब छह दिन पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो किस कार्यक्रम और किस गांव का है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। वहीं, वायरल वीडियो में किए गए कथित दावे को लेकर भाजपा विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर का पक्ष अबतक सामने नहीं आया है।

Updated on:
27 Oct 2026, 1:48 PM IST
Published on: